समालखा। डीएवी सेंटेनरी स्कूल समालखा में वीरवार को संविधान दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों व नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए प्रभावशाली भाषण दिए। कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों द्वारा विशेष रूप से रोल प्ले प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से संविधान के विभिन्न पहलुओं, लोकतांत्रिक मूल्यों व नागरिकों की जिम्मेदारियों को रोचक ढंग से समझाया गया। इसके साथ ही सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान के प्रति निष्ठा, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने की शपथ ली।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रिंकू वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करे तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार, जागरूक और आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
49