जिस कैंटर में लाई जा रही थी डोडा पोस्त की खेप। संवाद
समालखा । एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने मध्यप्रदेश से हरियाणा, पंजाब और दिल्ली एनसीआर में डोडा पोस्त की तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। टीम ने रविवार रात को जीटी रोड स्थित भोड़वाल माजरी के पास से एक कैंटर चालक पंजाब के होशियारपुर निवासी नीतिश कौशल को गिरफ्तार किया।
कैंटर में कंडीशनर के बीच में 51 कट्टों में 10.33 क्विंटल डोडा पोस्त छुपा कर पंजाब ले जा रहा था। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह कैंटर मालिक रवि के कहने मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त की खेप लाया था। सोमवार को आरोपी को अदालत के सामने पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी मुकेश कुमार ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम को एएनसी की टीम को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के कैंटर में डोडा पोस्त की खेप लेकर मध्यप्रदेश से पंजाब जाएगा। तुरंत ही टीम ने भोडवाल माजरी के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। उसी समय दिल्ली की ओर से एक सफेद रंग का कैंटर आता दिखाई दिया। टीम ने सड़क किनारे लगाकर चालक नीतिश से पूछताछ की और कैंटर की तलाश की। कैंटर में 601 पेटी कंडीशनर की लोड थी। उनके नीचे 51 प्लास्टिक के कट्टों में डोडा पोस्त छुपा रखा था।
टीम ने चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह होशियारपुर के रवि का कैंटर चलाता है। उसी के कहने पर वह मध्यप्रदेश से डोडा पोस्त की खेप लेकर पंजाब जा रहा था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ करनी शुरू कर दी।
साथ ही डोडा पोस्त को कब्जे में ले लिया। सोमवार को चालक नीतिश को अदालत के सामने पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान नीतिश से सख्ती से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा।