पानीपत। रामनवमी पर्व पर सनौली रोड स्थित भीम गोडा मंदिर में पिछले एक माह से चल रहे श्री रामचरित मानस पाठ का शास्त्रोक्त विधि से समापन हुआ। इस माैके पर श्री रामजन्मोत्सव का आयोजन हुआ। इस दाैरान शंख व वेद मंत्रों की ध्वनि के साथ बधाई गीत गाए गए। नन्हे मुन्नों को आशीर्वाद रूप में लोरियां दी गई। राधावल्लभ सत्संग परिवार के भैया रवि आहूजा ने श्याम सुंदर मदन मोहन बांसुरी वाले, तू न संभाले तो हमें कौन संभाले... भजन से वातावरण को भक्तिमय बनाया।
प्रधान जोगिंद्र कमल ने बताया कि कार्यक्रम स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज और हरिद्वार से महामंडलेश्वर स्वामी अरुणदास महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि शहरी विधायक प्रमोद विज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रामनवमी का महात्म्य बताते हुए स्वामी दयानंद सरस्वती ने कहा कि जब भगवान राम का जन्म हुआ तो सभी ऋतुएं अनुकूल हो गई थीं। वृक्ष फलों से लद गए। सभी दिशाएं सुखकारी हो गई। सभी नर नारियों के मन में आनंद का उदय हुआ। साक्षात भगवान नारायण माता कौशल्या और राजा दशरथ के यहां अवतार ले चुके थे। कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद संजय भाटिया के बेटे चांद भाटिया के साथ पार्षद कमल अरोड़ा और हिमांशु बांगा भी उपस्थित रहे। भजन गायक रवि आहुजा ने बाबा श्याम के मनमोहक भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाया और श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। कार्यक्रम समापन पर सभी को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन वेद बांगा और सागर रेवड़ी ने किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश रेवड़ी, सोहन रेवड़ी, चुन्नी लाल लखीन, संजय रामदेव, सुंदर पाल चुघ, जितेंद्र जुनेजा, पवन जुनेजा, अमित रामदेव, कालू सतीजा, दीपक नारंग उपस्थित रहे।