पानीपत। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य अनिल लाठर व श्याम शुक्ला ने वीरवार को जिला सचिवालय में बाल श्रम से जुड़े विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से संबंधित विषय पर कार्य कर रहे विभागों, स्टेक होल्डर के साथ चर्चा की व उनकी प्रगति जानी। बैठक में बाल श्रम से जुड़े अनेकों विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
आयोग सदस्यों ने कहा कि बाल श्रम अपराध है इसको रोकना है। जो इसको बढ़ावा दे रहे हैं उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी। जिन स्कूलों के संचालक नियमों को ताक पर रख कर स्कूलों का संचालन कर रहे हैं। उनके खिलाफ निश्चित रूप से कार्यवाही करनी होगी। दिव्यांगजनों को सरकार की स्कीमों का पूरा लाभ मिल रहा है या नहीं। इसका भी ध्यान रखना होगा व आम जन के लिए संचालित की जा रही स्कीमों का लाभ मिल पा रहा है यह भी अधिकारी को सुनिश्चित करना होगा। जिले से बाल श्रम मजदूरी को समाप्त करना है। एचआईवी ग्रस्त बच्चों को मिलने वाली सहायता राशि में किसी भी प्रकार की देरी ना हो अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा।
अधिकारियों को नई गाइडलाइन की दी जानकारी
बैठक में नई गाइडलाइन भी अधिकारियों को बताई गई। आयोग के सदस्यों ने वन स्टाॅप सेंटरों को गंभीरता से जांच करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा, डीएसपी जसवंत, डीएलसी पीपीएस हुड्डा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी निधि गुप्ता, जिला प्रोटेक्शन अधिकारी रजनी गुप्ता, बीईओ बिजेंद्र हुड्डा, सीडीपीओ लक्ष्मी, डब्ल्यूसीडी कमलेश, सदस्य मालती अरोड़ा, एसआई संतोष कुमारी और सीडब्ल्यूसी बिमला देवी मौजूद रही।