तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। डिकाडला गांव में चुनावी रंजिश के चलते एक परिवार के साथ मारपीट और घर पर ईंटें फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के बाहर गाड़ी खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और ईंटें फेंकीं। एक ईंट लगने से महिला केला देवी के सिर में चोट लग गई। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई। समालखा थाना पुलिस ने सुनील की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में डिकाडला गांव निवासी सुनील ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे बिजेंद्र, राम, अजय, संदीप उर्फ भील निवासी डिकाडला, सोनू निवासी समालखा और एक अन्य व्यक्ति उनके घर के सामने गाड़ी खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। सुनील ने बताया कि आरोपियों के साथ उनकी पहले से रंजिश चल रही थी। उस समय उनकी बीमार मां केला देवी और मामा की बेटी प्रिया घर पर थीं, जबकि उनके पिता पशुओं के पास सो रहे थे।
सुनील के अनुसार, गाने बंद करने के लिए कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। वह घर के अंदर चला गया और गेट बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने बाहर से ईंटें उखाड़कर घर के अंदर फेंकनी शुरू कर दीं। अजय की ओर से फेंकी गई ईंट उनकी मां के सिर पर लगी, जिससे वह घायल हो गईं। आरोपियों ने सुनील और अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। परिजनों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
समालखा थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि डिकाडला गांव में मारपीट की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।