पानीपत। नगर निगम अधिकारियों के साथ रेलवे रोड के कुछ दुकानदारों द्वारा की गई हाथापाई और मारपीट के मामले में शुक्रवार को पहले निगम अधिकारियों ने निगम कार्यालय में आयुक्त के साथ बैठक की। इसमें आयुक्त के निर्देशों पर मामले की जांच पड़ताल के लिए कमेटी गठित की गई। यह कमेटी जांच रिपोर्ट आयुक्त को देगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाए जाने का फैसला किया गया।
उल्लेखनीय है कि दूसरी ओर मामले को सौहार्द से निपटाने के लिए बाजार प्रधान अनिल मदान दुकानदारोें संग अधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंचे। उनकी ये बैठक शाम करीब साढ़े चार बजे तक चलती रही। इसमें दोनों ओर से आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला चला लेकिन बैठक के अंत तक कोई निर्णायक फैसला नहीं हो सका। अधिकारियों का कहना था कि अब इस मामले में सोमवार को फैसला होगा। जबकि दूसरी ओर बाजार प्रधान अनिल मदान का कहना है कि वे आपसी सौहार्द से इसका निपटारा करवाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि ताऊ देवी लाल कॉम्पलेक्स से रेलवे रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर दुकानदार अतिक्रमण किए रहते हैं। जिसकी वजह से दिन के समय हर वक्त जाम जैसे हालात बने रहते हैं। वीरवार को आयुक्त के निर्देशों पर उप निगम आयुक्त, एटीपी, सीएसआई और कई निगम कर्मचारी अतिक्रमण हटवाने पहुंचे। जिसका दुकानदारों ने विरोध किया। मामले ने इतना तूल पकड़ा की बात हाथापाई से होते हुए मारपीट तक आ गई। तभी से बाजार दुकानदार निगम अधिकारियों और अधिकारी दुकानदारों पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पूरी घटना की वीडियो वायरल हो रही है। वहीं, दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी में भी घटना कैद हो चुकी है।
दुकानदारों का कहना है कि निगम कर्मियों ने एक दुकानदार को धक्का मारा और उनका सामान जबरन उठाया। इस बात को लेकर विवाद हुआ। जबकि निगम अधिकारियों का कहना है कि वे अतिक्रमण हटवाने पहुंचे थे। ये उनके कार्य हैं। इसके विरोध में दुकानदारों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की। अब इन आरोप प्रत्यारोपों की जांच करने के लिए संयुक्त आयुक्त, उप निगम आयुक्त, डीटीपी और एटीपी की कमेटी बनाई गई है। जिनको जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।
वर्जन-
मामले की जांच पड़ताल के लिए कमेटी बनाई गई है। कमेटी पूरे मामले की पड़ताल कर जो रिपोर्ट सौंपेगी उसके आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।
जयेंद्र सिंह छिल्लर, आयुक्त, नगर निगम।