पानीपत। सीआईए थ्री ने ई-रिक्शा की बैटरी चोरी करने के दो आरोपियों को सनौली रोड स्थित काला आंब मोड़ से नाकाबंदी कर गिरफ्तार किया है। दोनों युवक बैटरियों को एक्टिवा पर रखकर उत्तर प्रदेश बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने इनसे तीनों बैटरी बरामद कर ली है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीआईए थ्री प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि उनकी टीम को वीरवार देर शाम को सनौली रोड पर गश्त कर रही थी। उनकी टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक एक्टिवा पर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। उनके पास चोरी का सामान है। सूचना मिलते ही उन्होंने सनौली रोड पर काला आंब मोड़ पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद एक्टिवा पर आए दोनों युवकों को रोककर हिरासत में लिया गया। इनकी पहचान रवि निवासी दुष्यंत नगर व ठाकुर निवासी भगत नगर, काबड़ रोड के रूप में हुई। इनके पास ई- रिक्शा की तीन बैटरी मिली। पूछताछ करने पर इन्होंने बताया कि यह बैटरी नौ सितंबर को इन्होंने खजूर नगर में घर के बाहर गली में खड़ी एक ई रिक्शा से चोरी की थी। वह नशे के आदी हैं नशे की लत को पूरा करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था।