फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम आज पानीपत में, अधिकारियों और नेताओं में कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलने का डर

Sun, 08 Jun 2014 12:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
कांग्रेस के जिला स्तरीय सम्मेलन व कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं से लेकर अधिकारी तैयार हैं। चर्चा है कि कई कार्यकर्ता सीएम के सामने मन की भड़ास निकालकर पिछली मीटिंग के ट्रेलर को दोहरा सकते हैं।
विज्ञापन


वहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सीएम के कार्यक्रम के लिए कमर कस ली है। पुलिस ने एंट्री से लेकर मंच तक सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं।

विभागीय अधिकारियों ने भी लेखा-जोखा तैयार कर लिया है। सीएम हुड्डा आज पानीपत में होंगे। वह पहले तो एसडी विद्या मंदिर में कार्यकर्ताओं के जिलास्तरीय सम्मेलन में पहुंचेंगे और फिर सिवाह में स्टेडियम का उद्घाटन कर लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेंगे।

बड़े नेता मनाने में जुटे

कांग्रेस के जिला स्तर की हर कार्यकर्ता बैठक में नाराजगी का घड़ा फूट रहा है। कई बार तो कार्यकर्ता आमने-सामने भी हो चुके हैं। गत सप्ताह सीपीएस और ऑब्जर्वर जयवीर वाल्मीकि के सामने रेस्ट हाउस में भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई थी।
विज्ञापन


कार्यकर्ताओं का कहना था कि छोटे से काम के लिए भी अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाना पड़ता है या फिर टेबल के नीचे से काम कराने पड़ते हैं।

कार्यकर्ताओं ने सीएम के सामने भी बातों को रखने के साफ संकेत दिए थे। ऐसे में कई बड़े नेताओं को कई कार्यकर्ताओं की नाराजगी झेलने का का डर बना हुआ है। इन नेताओं ने इन कार्यकर्ताओं को दिनभर मनाने का भी प्रयास किया।

अधिकारी दिनभर करते रहे रिहर्सल

सीएम की जिलास्तर पर बैठक के लिए कई विभागों के अधिकारी दिनभर रिहर्सल करते रहे। सीएम के सवालों के जवाब देने के लिए वह हर तरह से जवाब तैयार कर रहे हैं। विदित है कि सीएम रविवार को सम्मेलन के बाद लघु सचिवालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेंगे।

यह रहेगा सीएम का कार्यक्रम

1. सुबह 11 बजे सेक्टर 13/17 स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे।
2. यहां से सीधे एसडी विद्या मंदिर सेक्टर-11/12 में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पहुंचेंगे।
3. सम्मेलन के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत।
4. इसके बाद सिवाह गांव में स्टेडियम उद्घाटन करेंगे।
5. लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

धरनारत कांग्रेसी पार्षद बोले, सीएम बुलाएंगे तभी जाएंगे सम्मेलन में

कांग्रेस समर्थित नगर निगम पार्षद मांगें पूरी न होने पर धरने पर डटे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि सीएम के बुलावे पर ही कार्यकर्ता सम्मेलन में जाएंगे।

नगर निगम के कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने शनिवार को चौथे दिन लघु सचिवालय के बाहर धरना जारी रखा और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी पर रोष जताया।

पार्षदों ने कहा कि वे कॉलोनियों की मांगों के लिए संघर्ष के रास्ते पर हैं। उन्होंने कहा कि बाहरी कालोनियों में बिजली, पानी व सड़क की सुविधा नहीं है।

यहां के लोगों की अधिकारी नहीं सुनते। बाहरी कॉलोनी नगर निगम का हिस्सा है लेकिन इनके हालात जंगल जैसे हैं। यहां पर अधिकारी विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगा रहे।

जिसके चलते लोगों में रोष है। बाहरी कालोनियों के लोग सरकार व प्रशासन की तरफ आस लगाए बैठे हैं। वे उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का विश्वास दिला चुके हैं।

बाहरी कॉलोनियों के पार्षद कई बार मांगों को मुख्यमंत्री के सामने भी रख चुके हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी कॉलोनियों में सुधार नहीं हो सका है।

उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के समर्थन पर नगर निगम का चुनाव लड़े थे और लोगों ने विश्वास के साथ वोट दी थी। आज कॉलोनीवासियों का विश्वास टूट रहा है और सरकार कॉलोनीवासियों की अनदेखी कर रही है। पार्षदों का कहना है कि वह कालोनीवासियों के साथ नहीं छोड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आठ जून को होने वाले कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बुलावे पर ही जा सकते हैं। वे उनके सामने भी बाहरी कॉलोनियों को नियमित करने और यहां पर पर्याप्त सुविधाओं की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे सच्चे कांग्रेसी हैं और लोगों के हक के लिए मैदान में हैं। सरकार को उनका कदम गलत लगता है तो वह केस दर्ज कराए हैं। विदित है कि बाहरी कॉलोनियों के कांग्रेस समर्थित पार्षद वीरवार को सचिवालय के बाहर आठ जून तक धरने पर बैठ गए थे।

इसके बाद भाजपा पार्षदों ने भी उनका समर्थन दिया था। भाजपा पार्षदों ने मांगों को जायज ठहराया था। मौके पर मदन मजोका, जयकुंवार, संजीत, हरीश शर्मा, राजू पाहवा, रामरत्न अग्रवाल व दुष्यंत भट्ट मौजूद रहे।

सीएम आज देंगे स्टेडियम की सौगात

मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आठ जून को पानीपत दौरे के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-एक सिवाह में तैयार किए गए राजीव गांधी खेल स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे।

इसके अलावा इसी परिसर में दो करोड़ की लागत से मानसिक अशक्त बच्चों के लिए स्कूल व मतलौडा में करीब 14 करोड़ से बनने वाले राजकीय महाविद्यालय की नींव का पत्थर भी रखेंगे।

सिवाह में तैयार होने वाले स्टेडियम फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में अब इस स्टेडियम के अंदर डे-नाइट मैचों की बानगी भी देखने को मिलेगी।

स्वयं मुख्यमंत्री हुड्डा की खेल भावना, जिला के खिलाड़ियों तथा गांव वासियों की खेल भावना का सम्मान करते हुए प्रशासन ने कम समय में लगभग छह एकड़ भूमि को शानदार स्टेडियम में तबदील कर दिया।

परिसर के अंदर ही दर्शकों के बैठने की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। डीसी अजीत जोशी ने इस संदर्भ में बताया कि इस स्टेडियम पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उच्च स्तर की क्रिकेट पिच भी तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी स्थल पर मुख्यमंत्री करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मानसिक निशक्त बच्चों के लिए बनाए जाने वाले स्कूल सवेरा और मतलौडा में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय महाविद्यालय की नींव का पत्थर भी रखेंगे।

डीसी व एसपी ने किया मुआयना
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आठ जून को पानीपत में शुभागमन के दृष्टिगतए उपायुक्त अजीत बालाजी जोशी ने अधिकारियों के दल के साथ हैलीपैड से लेकर विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा किया।

उन्होंने मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण कर्तव्य निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाए।

निरीक्षण दौरे के दौरान उन्होंने लघु सचिवालय स्थित अधिकारी बैठक हॉल, हैलीपैड स्थल, एसडी विद्या मंदिर परिसर व सिवाह जीटी रोड पर स्थित राजीव गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम काम्पलेक्स का दौरा किया।

जहां पर मुख्यमंत्री छह एकड़ भूमि पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार खेल स्टेडियम का अपने करकमलों से उद्घाटन कर जिलावासियों को समर्पित करेंगे।

इस स्टेडियम में समुचित प्रकाश व्यवस्था का प्रबंध रहेगा। जिससे इस स्टेडियम में दिन व रात के मैच भी खेले जा सकेंगे। इसी स्थल पर मुख्यमंत्री करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मानसिक निशक्त बच्चों के लिए बनाए जाने वाले स्कूल सवेरा और मतलौडा में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय महाविद्यालय की नींव का पत्थर भी रखेंगे।

इस मौके पर उनके साथ जिला पुलिस अधीक्षक सतीश बालन, अतिरिक्त उपायुक्त आरएस वर्मा, एसडीएम अश्वनी मलिक, एमडी शुगर मिल हवासिंह, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, डा. कर्ण सिंह कादियान, सिवाह के सरपंच रणदीप कादियान, महेंद्र कादियान, सुरेंद्र कादियान मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें