पानीपत। शहर की सड़कों पर नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के खिलाफ बुधवार को मुख्यमंत्री उड़़नदस्ता करनाल और आरटीएम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 वाहनों पर 6.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस दौरान संयुक्त जांच टीम ने मौके पर चालान राशि न भरने पर 23 वाहनों को जब्त भी किया जबकि दो वाहनों से जुर्माना वसूलने के बाद छोड़ दिया।
उल्लेखनीय है कि दोनों जांच टीमों की ये कार्रवाई मंगलवार रात नौ बजे शुरू हुई जो बुधवार अलसुबह पांच बजे तक चली। आठ घंटे की इस जांच पड़ताल में सीएम फ्लाइंग और आरटीए टीम ने जीटी रोड और रिफाइनरी रोड पर ओवरलोडेड वाहनों की जांच पड़ताल की। चेकिंग में उत्तर प्रदेश, हिमाचल, दिल्ली और पंजाब के भी वाहन शामिल रहे। इस कार्रवाई में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम से उप निरीक्षक राजसिंह, सत्यवीर, सहायक उप निरीक्षक राजसिंह समेत आरटीए से मोटर वाहन अधिकारी राजेश मलिक भी शामिल रहे। जांच टीम अधिकारियों ने कहा कि उनके ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।