पानीपत। इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को विधायक अभय सिंह चौटाला का सार्वजनिक मंच से नेताओं को फटकार लगाना रास नहीं आया। उन्होंने अभय चौटाला को मंगलवार को पानीपत में होने वाली कार्यकर्ताओं की बैठक लेने से रोक दिया। अभय चौटाला की जगह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी बांगड़ ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
दरअसल मंगलवार को लक्ष्मी ग्रीन में इनेलो की एक नवंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं की जिलास्तरीय बैठक रखी गई। इससे पूर्व अभय चौटाला ने गत सप्ताह पानीपत में कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग ली थी। यहां उन्होंने सार्वजनिक मंच से पार्टी के किसी नेता को फटकार लगा दी। मंगलवार को सम्मान रैली में ड्यूटी सौंपने के लिए फिर से बैठक रखी गई। यहां पर एलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला को पहुंचना था, लेकिन अभय सिंह चौटाला नहीं पहुंचे। उनकी जगह राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी बांगड़ पहुंचे। केसी बांगड़ ने कार्यकर्ताओं को पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का संदेश पढ़कर सुनाया।
बांगड़ ने कहा, पूर्व सीएम के कहे अनुसार पहुंचे
इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी बांगड़ ने बताया कि पूर्व सीएम एवं पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने उनकी पानीपत में ड्यूटी लगाई थी। उन्होंने बताया कि गत दिनों पूर्व सीएम एक पारिवारिक कार्यक्रम में जेल से कुछ घंटों की पेरोल पर आए थे। उन्होंने यहां पर अभय सिंह चौटाला से रोहतक रैली की जानकारी ली। अभय सिंह चौटाला ने बताया कि केवल पानीपत में कार्यकर्ताओं की बैठक लेनी रह गई है। इस पर ओपी चौटाला ने उनको पानीपत में नहीं जाकर अन्य कार्य करने की बात कही।