पानीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिवाजी स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल हो सकते हैं। आला अधिकारी इसको लेकर मंथन कर रहे हैं। कार्यक्रम अगले सप्ताह तय होगा। प्रशासन ने इन सबको देखते हुए तैयारी तेज कर दी है।
पतंजलि और भारतीय योग संस्थान के प्रशिक्षकों की देखरेख में बुधवार को सेक्टर-25 स्थित एक औद्योगिक संस्थान में योग अभ्यास कराया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजय राजपाल ने बताया कि योग हमारी प्राचीनतम आध्यात्मिक विरासत है। इसे वैश्विक स्तर पर लोगों ने परख लिया है। योग एक चिकित्सा पद्धति के साथ साधना पद्धति भी है। इसके नियमित अभ्यास से आज के युग में सर्वोत्तम स्वास्थ्य पाया जा सकता है। सेक्टर-25 में सैकड़ों श्रमिकों और अन्य लोगोंं को क्रियात्मक योग अभ्यास कराया। प्रोटोकाल के तहत खड़े, बैठकर और लेटकर किए जाने वाले आसनों के साथ प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास कराया।
उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम शिवाजी स्टेडियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय से मुख्यातिथि को लेकर नाम पर चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कार्यक्रम अभी तय नहीं है। मुख्यातिथि का नाम अगले सप्ताह तय हो सकता है। उन्होंने कहा कि योग न केवल हमारे शरीर की मांसपेशियों को अच्छा व्यायाम देता है, बल्कि यह हमारे दिमाग को शांत रखने में भी मदद करता है। शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक उन्नति के लिए दैनिक योग क्रिया अत्यंत आवश्यक है।