पानीपत। मुख्यमंत्री ने शहर के लंबित चल रहे बड़े विकास कार्यों के लिए 32.42 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इनमें पार्कों के जीर्णोद्धार से लेकर बतरा कॉलोनी के खस्ताहालात सड़क के मरम्मत के काम, पीपल वाली मंडी में मूलभूत सुविधाएं और सुंदरीकरण, अनेजा पंप से लेकर ईजी डे पर रोड को चौड़ा करने का काम भी शामिल है। खास बात यह है कि नगर निगम की फाइनेंस कमेटी ने करीब दो माह पहले इन कामों को जरूरत न होने की कहकर रोक दिया था। पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने इन कामों को जनहित में बताते हुए सीएम के सामने रखा। इसमें विशेष तौर पर मॉडल टाउन की सड़क है।
शहरी विधायक प्रमोद विज सीएम की मंजूरी मिलने के बाद इन कामों को पूरा कराने के लिए निगम अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि शहर को सुंदर बनाने के लिए कई विकास कार्य लंबे समय से लटके हुए थे। इस संबंध में कई लोग मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मिले थे। मुख्यमंत्री ने इन कामों की मंजूरी दे दी है।
बतरा कॉलोनी का 2.25 करोड़ से होगा विकास
सालों से निकासी की समस्या की मार झेलने वाले वार्ड 22 की बतरा कॉलोनी के लोगों को अब राहत मिलेगी। यहां 2.25 करोड़ से बरसाती पानी की निकासी, सीवर और पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस कॉलोनी के घरों में नालों का गंदा पानी तक भर जाता था। जिसकी वजह से कई परिवार कॉलोनी से पलायन करने तक को मजबूर थे। इससे कॉलोनी के करीब 08 हजार लोगों को फायदा होगा।
शहर में 1.50 करोड़ से होंगे रिपेयरिंग के काम:
शहरी विधानसभा में बार बार शॉर्ट टर्म टेंडर और कम लागत से लगने वाले रिपेयरिंग के कामों के बाद भी निगम शहर की सड़कों, पुलिया, नालों आदि की मरम्मत नहीं करवा पा रहा था। इस वजह से शहर के लोग सबसे ज्यादा परेशान थे। शहर की ज्यादातर सड़कों पर रिपेयरिंग न होने की वजह से वे खस्ताहाल हो चुकी थी। अब 1.50 करोड़ से शहरी विस में सिर्फ रिपेयरिंग के काम होंगे। इससे शहरी विस के करीब छह लाख लोगों को राहत मिलेगी।
पीपल वाली मंडी का 1.73 करोड़ से होगा जीर्णाद्धार
वार्ड नंबर 23 के अंतर्गत आने वाली पीपल वाली मंडी के लोग भी आज तक विकास से अछूते रहे हैं, जो नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। अब यहां 1.73 करोड़ से मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सभी काम होंगे और इसका सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। जिससे यहां पर रहने और आवगमन करने वाले करीब 20 हजार लोगों को राहत मिलेगी।
अनेजा पंप से ईजी डे तक 1.94 करोड़ से बनेगी सड़क
वार्ड नंबर 20 में आठ मरला चौक को चौड़ा करने के बाद अब 1.94 करोड़ रुपये से अनेजा पंप से लेकर गुरु तेग बहादुर कॉलोनी तक नया रोड बनाया जाएगा। इस रोड की विशेष बात ये होगी कि इससे और चौड़ा किया जाएगा। रोड को दो भागों में बांटने वाला डिवाइडर होगा और यहां स्ट्रीट लाइटें भी लगेंगी। ताकि मॉडल टाउन में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके। इससे मॉडल टाउन समेत आठ मरला, सावन पार्क समेत आसपास से आवगमन करने वाले करीब 15 हजार लोगों को फायदा होगा। ये काम विधायक आदर्श अवाम ग्राम योजना के तहत पूरा किया जाएगा।
पार्कों पर खर्च होंगे 25 करोड़:
निगम क्षेत्र के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण विस में आने वाले पार्कों के जीर्णोद्धार पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस राशि से पार्कों की मूूलभूत सुविधाओं से लेकर सुंदरीकरण तक के काम शामिल रहेंगे। फिलहाल निगम क्षेत्र में करीब 143 पार्क हैं। मौजूदा स्थिति में करीब 40 प्रतिशत पार्क खस्ताहाल हो चुके हैं। इस राशि से पार्षदों, स्थानीय आरडब्ल्यूए आदि की डिमांड अनुसार काम करवाए जाएंगे।