यमुनानगर। जिले में कई दिनों के बाद वीरवार सुबह अच्छी बारिश हुई। सुबह छह बजे से साढ़े 10 बजे तक बारिश कहीं ज्यादा तो कहीं कम हुई। सबसे ज्यादा 22 एमएम बारिश जगाधरी क्षेत्र में तो सबसे कम दो एमएम बारिश खंड बिलासपुर में हुई।
बारिश होने से लोगों को काफी राहत मिली। कई दिनों से लोग गर्मी व उमस से परेशान थे। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिसका लोगों ने खूब आनंद उठाया। मौसम में भी अन्य दिनों की अपेक्षा थोड़ी ठंडक महसूस की गई। वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा। दो से नौ सितंबर तक हल्की बारिश के आसार हैं। जिले में बुधवार रात को ही बादल छाने लगे थे। सुबह छह बजे हल्की बूंदाबांदी होने लगी।
वहीं, जगाधरी क्षेत्र में तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चली। तेज हवाओं को देख कर किसानों की परेशानी बढ़ गई। क्योंकि तेज हवा से धान की फसल का खेतों में बिछने का खतरा रहता है। इस वक्त धान की फसल में बालियां आने लगी हैं जिससे पौधे पर वजन बढ़ जाता है। हवा चलने से फसल खेतों में बिछ सकती है। राहत की बात यह रही कि हवाओं से कहीं पर भी किसानों को नुकसान नहीं हुआ है। कुछ जगह सड़कों किनारे जलभराव होने से लोगों को थोड़ी परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
जगाधरी में रक्षक विहार नाका, अंबाला रोड, बस स्टैंड जगाधरी, चूना भट्ठी चौक, जगाधरी बस स्टैंड से लघु सचिवालय रोड, ताऊ देवी लाल कांप्लेक्स की पार्किंग समेत कई जगह सड़क किनारे जलभराव हुआ। बारिश के दौरान सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी कम रही, जिससे जाम की स्थिति बनी रही। बारिश बंद होने के बाद दोपहर तक तो बादल छाए रहे, लेकिन इसके बाद तेज धूप का भी लोगों को सामना करना पड़ा। परंतु अन्य दिनों की अपेक्षा यह धूप बेअसर रही।
यमुनानगर में तहसील अनुसार हुई बारिश (एमएम में) :
तहसील एमएम
जगाधरी 22
बिलासपुर 02
रादौर 04
छछरौली 06
सरस्वतीनगर 11
साढौरा 14
प्रतापनगर 10