पानीपत। भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को स्काईलार्क के पीछे स्थित लोधी पार्क में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और मेयर कोमल सैनी ने की। जब स्वच्छता हमारी दिनचर्या और सेवा भाव का हिस्सा बनेगी, तभी स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है।
इस दौरान नगर निगम की मेयर कोमल सैनी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ पार्क में श्रमदान किया कार्यकर्ताओं ने कुछ ही देर में नाले के साथ लगे कूड़े के ढेर को उठा दिया। इसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि घर-घर और सार्वजनिक स्थानों पर शौचालयों के निर्माण से महिलाओं और बेटियों की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को जनभागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जिस प्रकार हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह गली, पार्क, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखना होगा।
उन्होंने लोगों से खुले में कूड़ा न फेंकने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। मेयर कोमल सैनी ने कहा कि बच्चों और युवाओं को स्वच्छता के संस्कारों से जोड़ना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर स्वच्छता प्रहरियों को पटका पहनाकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर हरीश कटारिया, राजेश बतरा, हुकुम चंद मेहता, नवल जिंदल, प्रभारी ओमदत्त आर्य, तरुण पसरीजा और ऋषभ अग्रवाल मौजूद रहे। संवाद
लोधी पार्क के नजदीक कूड़ा उठाते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और मेयर कोमल सैनी। स्रोत - फोटो : samvad
लोधी पार्क के नजदीक कूड़ा उठाते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और मेयर कोमल सैनी। स्रोत - फोटो : samvad