माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में नवनिर्मित मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) विंग को स्वास्थ्य विभाग को सौंपने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस बहुप्रतीक्षित विंग को टेकओवर करने से पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त रूप से मौके का मुआयना करेंगे।
पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य पूरा कर इसे हस्तांतरण करने की पूरी तैयारी कर ली है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग हर पहलू को बारीकी से जांचने के बाद ही इसे अपने हाथ में लेगा।पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का यह संयुक्त दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। इस निरीक्षण के दौरान विंग की बिल्डिंग, बिजली-पानी की व्यवस्था, फायर सेफ्टी और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े सभी पुख्ता इंतजामों को परखा जाएगा। यदि मौके पर कोई छोटी-मोटी कमी पाई जाती है, तो उसे हैंडओवर से पहले ही दुरुस्त कराया जाएगा। ताकि बाद में मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो। इस विंग में गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के लिए विशेष व्यवस्था होगी। इससे पानीपत अस्पताल में 100 नए बेड जुड़ जाएंगे। यहां प्रसव के लिए 20 टेबल, नवजात शिशुओं के लिए आधुनिक आईसीयू (एनआईसीयू) और बेहतर प्रसवोत्तर देखभाल वार्ड शामिल हैं
मिलेगी बड़ी राहत
नागरिक अस्पताल में इस नई विंग के शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। अभी तक मुख्य अस्पताल पर मरीजों का भारी दबाव रहता था, जिससे अब काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
एमसीएच विंग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और पीडब्ल्यूडी इसे हमें हस्तांतरण करने के लिए तरह तैयार है लेकिन विभाग की ओर से इसे टेकओवर करने से पहले दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जाकर पूरी बिल्डिंग और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। हमारा मकसद यह सुनिश्चित करना है कि विंग में सभी सुविधाएं मानक के अनुसार दुरुस्त हों।
-डॉ. विजय मलिक, सीएमओ