फैक्टरियों में वेस्ट जलाने वालों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व उद्यमी एक मंच पर आ गए हैं। उद्यमियों ने शुकवार को एचएसएसपीबी के आरओ के साथ मीटिंग की।
सेक्टर-29 पार्ट-2 में उद्यमियों ने जहरीला धुआं छोड़ने वाले ईंधन को किसी भी फैक्ट्री में जलने नहीं देने की घोषणा की है। इसकी सूचना देने वालों को एसोसिएशन ने 11 हजार रुपए इनाम देने की भी घोषणा की है। शुक्रवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी संजीव बुद्धिराजा से मुलाकात करके एसोसिएशन ने यह दावा किया है। उद्यमियों का कहना है कि वे अपने सेक्टरों में नियमों के विरूद्ध कोई काम नहीं करेंगे। शहर में जो अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं, उनमें सिर्फ जहरीला धुआं पैदा करने वाला ईंधन ही जलता है। ऐसी अवैध फैक्टियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
दी पानीपत डायर्स एसोसिशन के प्रधान भीम सिंह राणा, सचिव मुकेश रेवड़ी, राजपाल सहरावत, दिनेश गोयल, मोमीन, राम प्रसाद व प्रदीप मित्तल ने कहा कि फैक्ट्रियों में जूते चप्पल, कपड़ा, प्लास्टिक वेस्ट समेत अन्य गलत ईंधन किसी भी सूरत में जलने नहीं दिया जाएगा। यह घोषणा एसोसिएशन लेटर पैड पर लिखकर करेगी। अगर कोई फैक्ट्री मालिक नियमों के विरूद्ध गलत ईंधन जलाएगा और उसकी कोई सूचना भी देगा तो, ऐसे व्यक्ति को एसोसिएशन 11 हजार रुपए का ईनाम भी देगी। सभी सेक्टरवासियों से आग्रह है कि वे नियमों के अनुसार ही काम करें।
इसलिए लिया फैसला-
बढ़ते प्रदूषण व फैक्टरियों में जल रहे वेस्ट के कारण लगातार पर्यावरण खराब हो रहा है। पानीपत की इमेज भी काफी खराब हुई है। बोर्ड लगातार फैक्टरियों पर कार्रवाई रहा है।पानीपत को लेकर एनजीटी भी सख्त है। पानीपत प्रदेश में प्रदूषण के मामले में दूसरे व देश में 11 वें स्थान पर है। पानीपत में प्रदूषण के कारण लगातार कैंसर व अस्थमा के मरीज बढ़ रहे हैं।
समाज पर पड़ रहे प्रभाव से दुखी हैं- राणा
उद्यमी वेस्ट जलाकर अपने पैसे तो बचा रहे हैं, लेकिन समाज के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। बीमारियां बढ़ रही है। उनकी एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि जो भी व्यक्ति वेस्ट जलाने वालों की जानकारी देगा एसोसिएशन उसे 11 हजार रुपये ईनाम देगी। वो वेस्ट नहीं जलने देंगे। समाज पर पड़ रहे प्रभाव से वो दुखी हैं।
भीम राणा, प्रधान डायर्स एसोसिएशन