जिला योजनाकार विभाग द्वारा जीटी रोड किनारे अवैध रूप से चलाए जा रहे होटल और ढाबों को गिराया गया। भारी पुलिस बल के साथ डीटीपीओ एनक्रोस्मेंट सुनैना के नेतृत्व में ये कारवाई की गई। तहसीलदार रामगोपाल ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। वहीं लोगों ने इसे पक्षपातपूर्ण कार्रवाई बताते हुए आरोप लगाया कि गरीब लोगों के ढाबों को गिराया गया, बड़े ढाबों और होटलों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्लेखनीय है कि जीटी रोड पर दोनों तरफ अवैध रूप से दर्जनों ढाबे व होटल चलाए जा रहे हैं। इनमें से अधिकांश के पास सीएलयू नहीं है। वे नियमों का पूरी तरह से उल्लंघन कर रहे हैं। इसी को लेकर सोमवार सुबह इन्हें गिराने की कारवाई पट्टीकल्याणा के पास दिल्ली लेन से शुरू हुई। इसके बाद पानीपत लेन पर बने ढाबों के शैड, पिलर गिराए गए। विभाग की कार्रवाई से ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया। वे अधिकारी से कार्रवाई न करने की गुहार लगाते नजर आए। इसके बावजूद विभाग द्वारा कार्रवाई जारी रखी गई। छोटे ढाबों को गिराते हुए आ रही टीम पानीपत लेन पर पट्टीकल्याणा के पास रुकी। वहां बड़े ढाबा संचालकों द्वारा उनकी आवभगत की गई। किसी तरह की कार्रवाई करने की बजाये वहां लगे फलैक्स बोर्ड को हटाने की बात कहकर टीम रवाना हो गई।
नियम कायदे सबके लिए एक
लोगों ने डीटीपीओ की इस कारवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि छोटे ढाबों के शैड गिराए गए, जबकि जीटी रोड पर अवैध रूप से चलाए जा रहे बड़े ढाबों व होटलों के खिलाफ कार्रवाई करने से अधिकारी कतराते रहे। उन्होंने कहा कि विभाग को बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई करनी चाहिए, न कि बड़े रसूखदारों को छोड़ा जाए। नियम-कायदे सबके लिए एक हैं, तो उन्हें क्यों बख्शा गया। इसको लेकर वे मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को शिकायत देंगे।
बिल मत देना, सब फ्री है
पट्टीकल्याणा के पास एक नामीगिरामी ढाबे पर विभाग की टीम व पुलिस बल के पहुंचते ही ढाबा का स्टाफ व कर्मी पहुंच गए। उन्होंने डीटीपीओ अधिकारी, कर्मियों सहित पुलिस कर्मियों की पानी व चाय के साथ आवभगत शुरू कर दी। एक कर्मी से इसके बिल के बारे में मीडिया द्वारा पूछने पर उसने कहा कि इसका कोई बिल नहीं देना ये सब फ्री है।
वर्जन
गत 14 नवंबर को जीटी रोड पर ढाबा चलाने वालों की मीटिंग बुलाई थी। उसमें केवल 19 ढाबा, होटल संचालक पहुंचे थे। जिन्हें सीएलयू के लिए आवेदन करने को कहा था। इसके बाद भी आवेदन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सुनैना, डीटपीओ एनक्रॉसमेंट