विधानसभा चुुनाव से पहले पानीपत शहर के लिए सरकार ने अपनी झोली खोल दी है। वर्क ऑर्डर होने के बाद जहां पानीपत को अब 100 करोड़ रुपये विकास कार्य के लिए मिल गए हैं इसके साथ ही स्टेट फंड के लिए 15 करोड़ की किस्त और चार दमकल विभाग की गाड़ियां भी मिल गई हैं। इसके साथ ही फ्लाईओवर पर दो कट और रेनीवेल प्रोजेक्ट की प्रक्रिया पर काम शुरू हो गया है।
नगर निगम मेयर अवनीत कौर शहर के विकास कार्य को लेकर चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मुख्यसचिव राजेश खुल्लर के पास गई थी। जहां पर उन्होंने शहर के मुख्य मुद्दों को उनके सामने रखा था। जिसमें पहला प्रोजेक्ट 250 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेन को कवर करना था। दूसरा 2013 में 320 करोड़ रुपये की लागत से रेनीवेल प्रोजेक्ट शुुरू होना, तीसरा शहर के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड, चौथा स्टेट फंड कमीशन की रुकी हुई 70 करोड़ की किस्त, पांचवां शहर में लगे हुए बिजली के खंभों को बदलना व तारों को ऊंचा करवाना, छठा दमकल विभाग की गाड़ियों को अपडेट करने के साथ ही नई गाड़ियों को मुहैया करवाना, सातवां जीटी रोड पर कट खुलवाना आदि शामिल थे। जिसके बाद उन्होंने संबंधित प्रोजेक्टों को अधिकारियों को ट्रांसफर करते हुए उन्हें 31 अगस्त तक रिपोर्ट देने का आदेश दिया था। वहीं मुख्य सचिव ने मेयर अवनीत कौर को आश्वासन दिया था कि जल्द इन सभी कार्यों पर काम शुरू हो जाएगा।
सन 2013 में शुरू होना था रेनीवेल प्रोजेक्ट, अब मिली हरी झंडी, पानी की होगी बचत
कांग्रेस सरकार में रेनीवेल प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए हरी झंडी मिल गई थी, लेकिन वह शुरू नहीं हो पाया था। प्रोजेक्ट से शहरवासियों को यमुना की तलहटी से पीने का पानी उपलब्ध कराया जाना था। डिटेल प्रोजेेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करके विभाग हेड ऑफिस भेज दी थी। इसके अलावा उस समय प्रोजेक्ट पर करीब 320 करोड़ रुपये खर्च होने का एस्टिमेट तैयार किया गया था। जन स्वास्थ्य विभाग ने प्रोजेक्ट को छह माह में शुरू करने और तीन साल में पूरा करने का दावा किया था, लेकिन ये छह साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। यमुना किनारे से सटे मिर्जापुर और गोयला कलां में लगने वाले ये प्रोजेक्ट लगने थे। इस प्रोजेक्ट को शुरू करवाने के लिए मेयर अवनीत कौर सीएम के मुख्य सचिव से मिली और रेनीवेल प्रोजेक्ट को शुरू करने की बात कहीं, इसके बाद उन्होंने इस काम को हरी झंडी दी और डीपीआर को 31 अगस्त तक का समय दिया था ।
250 करोड़ से होगी ड्रेन नंबर एक कवर, बाईपास रोड निकलेगा
मेयर ने शहर से होकर गुजर रही ड्रेन नंबर को कवर करने के प्रोजेक्ट के लिए 250 करोड़ रुपये की लागत आने की बात मुख्य सचिव से कही थी । इसके बाद मुख्यसचिव ने डीपीआर को लेटर मार्क करते हुए 31 अगस्त तक का समय दिया। मेयर ने मुख्य सचिव को बताया कि ड्रेन कवर होने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और जाम से मुक्ति मिलेगी। जल्द ही ड्रेन को कवर कर बाईपास रोड बनाया जाएगा। सूत्रों से पता चला कि जल्द ही इसकी एनओसी मिलने वाली और काम शुरू होने वाला है।
शहर व गांव के विकास के लिए मिलेगा 100 करोड़ रुपये का फंड
नगर निगम मेयर ने शहर व गांव के विकास कार्य के लिए 100 करोड़ फंड की मांग की है। मेयर ने कहा कि निगम के पास फंड नहीं है और ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में काफी मात्रा में विकास की आवश्यकता है। मुख्यसचिव ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनको ये राशि मुहैया करवा दी जाएगी
दो दिन में मिलेगी 70 करोड़ रुपये की रुकी हुई किस्त
नगर मेयर ने सरकार से स्टेट फंड कमीशन की रुकी हुई 70 करोड़ की दो किस्त न मिलने की बात कही थी । उन्होंने कहा एसएफसी स्कीम के तहत 2018-19 के बीच की तीसरी व चौथी किस्त, जिसकी राशि 30 करोड़ रुपये है, आकस्मिक कारणों से प्राप्त नहीं हुई है। वहीं वित्तीय विभाग हरियाणा द्वारा सन 2019-20 की पहली किस्त 40 करोड़ रुपये की नहीं भिजवाई है। मेयर ने कहा ये किस्तें अभी तक निगम के पास नहीं आई हैं। जिसमें से अभी तक निगम से 15 करोड़ रूपये की किस्त आ चुकी है, 60 करोड़ की किस्त आनी बाकी है।
दमकल विभाग को मिलेगी नई गाड़ियां
नगर निगम मेयर ने दमकल विभाग की समस्याओं को मुख्य सचिव के सामने रखा। उन्होंने कहा कि शहर में आग की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए हाईड्रोलिक प्लेटफार्म गाड़ी होनी चाहिए। दमकल विभाग को 4 से 5 गाड़ियां और मिलनी चाहिए। वहीं हुडा सेक्टर स्थित स्टेशन में 15 गाड़ियों की संख्या और बढ़ानी चाहिए। दमकल विभाग के रिक्त पदों पर भर्ती और कर्मियों के लिए सुरक्षा सामग्री होनी चाहिए।
जीटी रोड पर खुलेंगे दोनों तरफ कट
मेयर ने कहा कि जीटी रोड से दो कट जिसमें एक बरसत रोड के सामने व दूसरा मलिक पेट्रोल पंप के सामने खोला जाए तो इससे ट्रैफिक व्यवस्था पर काफी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों जगहों पर 500 मीटर तक समतल रास्ता है, कट खोलना एनएचएआई के लिए आसान है। निगम की तरफ से काफी बार लेटर लिखा जा चुका है, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है।
वर्जन
अभी तक इन मुददों पर काम चल रहा है, वहीं दो से तीन मुददों को सीएम ने पूरा कर दिया है, जल्द ही बचे हुए मुददों पर भी काम शुरू हो जाएगा।
अवनीत कौर, मेयर नगर निगम पानीपत