पानीपत। पिछले एक साल से अटका शहर की सीवर सफाई का काम अब सिरे चढ़ सकेगा। निगम ने सीवर सफाई के लिए लगाया सवा पांच करोड़ का टेंडर खोल दिया है। इसके लिए तीन एजेंसी आगे आई हैं। उनकी तकनीकी बिड के अंतर्गत दस्तावेजों की जांच की जा रही हैं। फिर फाइनेंशियल बिड में जिसके सबसे कम रेट होंगे उसे वर्क ऑर्डर अलॉट कर दिया जाएगा। इसके बाद शहर की करीब 450 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन की सफाई का काम सुचारु हो सकेगा। इस टेंडर के अंतर्गत ये काम केवल डेढ़ साल यानी 18 माह के लिए ही होगा।
दूसरी ओर निगम ने शहर में 45 दिनाें तक सीवर सफाई के लिए 23.40 लाख रुपये में दो सुपर सकर जेटिंग मशीन किराए पर ली हैं। जो शहर के ब्लॉक सीवरेज लाइनों को खोलने में मदद करेंगी। इन मशीनाें से सीवर की सफाई का काम शुरू कर दिया है। दाेनाें मशीनाें के साथ-साथ डीजल, ड्राइवर, मजदूर व अन्य सारा खर्च किराए पर मशीन देने वाली एजेंसी काे ही हाेगी। मशीन के प्रयाेग के दाैरान काेई उपकरण टूटता है या अन्य काेई दिक्कत आती है ताे ऐसे समय में भी एजेंसी ही काम करेगी। मजदूराें काे सुरक्षा उपकरण भी इसी एजेंसी काे उपलब्ध कराने हाेंगे।
इस समय शहर की करीब 450 किलाेमीटर लंबी सीवर लाइन की सफाई पुरानी एजेंसी 14 लाख रुपये लेकर कर रही है। करीब दो वर्षाें में नई 100 किलाेमीटर तक सीवर लाइन डल चुकी है। नए टेंडर में कुछ पंपिंग स्टेशन और कुछ बाहरी कॉलोनियों की सीवर सफाई के काम को भी शामिल किया गया है। वहीं, अमृत योजना की सीवर लाइन का काम अलग रहेगा।
वर्जन:
जल्द शुरू होगी सीवर सफाई : एसडीओ
सीवर की सफाई के टेंडर की टेक्निकल वेल्यूएशन पर काम किया जा रहा है। सभी नियम व शर्तें पूरी करने वाली एजेंसी काे काम की जिम्मेदारी सौंप कर सीवर की सफाई का काम शुरू करवा दिया जाए।
अर्पित बुधवार, एसडीओ, नगर निगम।