पानीपत। काबड़ी रोड स्थित भारत नगर के विवेकपाल व कुलदीप नगर के कन्हैया हत्याकांड के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। विवेकपाल की हत्या के चार आरोपी व कन्हैया की हत्या का आरोपी इक्को चालक अब तक फरार है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने इन्हें पकड़ने की जिम्मेदारी सीआईए की टीमों को सौंपी है। सीआईए की टीमें इनके संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। पुलिस ने जल्द इनकी गिरफ्तारी का दावा किया है।
विदित है कि कुलदीप नगर निवासी कन्हैया को 20 जनवरी को शराब के नशे हुई कहासुनी में उसके दोस्त दलबीर ने अपनी इक्को से उसको कुचल दिया था। अगले दिन उसकीमौत हो गई थी। परिजनों ने प्राकृतिक मौत मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। 24 जनवरी को तीसरे दोस्त ने परिजनों के सामने उसकी हत्या का खुलासा किया था। इसके बाद पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले में आरोपी दलबीर पर केस दर्ज किया था। वहीं दूसरी ओर भारत नगर के विवेकपाल पर उसके दोस्त प्रमोद, मोहित, शिवम व जिशान ने 26 जनवरी को घर में घुसकर हमला किया था। अगले दिन विवेकपाल की रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। फिलहाल आरोपी चारों दोस्त फरार हैं।
वर्जन-
पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। उनकी धरपकड़ में सीआईए की टीमें भी लगी हैं। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।