माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना चांदनी बाग क्षेत्र की उझा रोड स्थित साईं कॉलोनी में सोमवार शाम रास्ता रोकने के विवाद में एक छोटा हाथी चालक पर चाकू से पेट पर हमला कर दिया गया। चालक को बचाने पहुंचे भाई के साथ भी मारपीट की गई। हमले में दोनों भाई घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साईं कॉलोनी निवासी रामकुमार ने बताया कि वह छोटा हाथी चलाते हैं। सोमवार शाम करीब सवा सात बजे वह घर लौट रहे थे। आरोप है कि कत्याल गार्डन के पास कॉलोनी निवासी देव ने उनका रास्ता रोक लिया। रास्ते से हटने को कहने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद देव ने कथित तौर पर चाकू से उनके पेट पर वार कर दिया।
रामकुमार के अनुसार, शोर सुनकर भाई अशोक मौके पर उन्हें बचाने पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने अपने दोस्त निखिल तथा परिवार के सदस्य सोनू कटारिया, मोनू कटारिया और अन्य परिजनों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए।
उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। थाना चांदनी बाग प्रभारी संदीप ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।