पानीपत। गांव बाबरपुर मंडी रेलवे फाटक पर ट्रेन की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा खेलते हुए रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा था। ट्रेन की चपेट में आने से कृष्णा के सिर के कई टुकड़े दूर तक रेलवे ट्रैक पर बिखर गए। चालक ने ट्रेन रोककर इसकी सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
जिला सोलन हिमाचल प्रदेश निवासी बिजेंद्र का परिवार पानीपत स्थित बाबरपुर मंडी में रहता है, जबकि पांच माह पहले बिजेंद्र की बीमारी से मौत हो गई थी। बिजेंद्र की पत्नी शांति अपने बच्चों का पालन पोषण करती है। बताया जा रहा है कि सोमवार को बिजेंद्र का बेटा कृष्णा (10) अपनी बहन चांदनी और दोस्त के साथ रेलवे ट्रैक के पास खेल रहा था। खेलते हुए तीनों बच्चे ट्रैक पर चले गए। इसी वक्त दिल्ली की ओर से ट्रेन आ गई। चांदनी और दूसरे बच्चे नेे ट्रैक पार कर लिया, जबकि कृष्णा ट्रैक पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आ गया। कृष्णा पांच भाई बहनों में तीसरे नंबर का था। मां रेलवे फाटक के पास झुग्गी लगाकर एक छोटा सा दवाखाना चलाती है।