पानीपत। जीटी रोड स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा और शिक्षा विभाग हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में तीस दिवसीय टाबर उत्सव में बच्चे मूर्ति बनाने की कला सीख रहे है। मूर्ति शिल्पकारों के साथ बच्चे क्ले और पीओपी से मूर्तिकला की बारीकियां सीख रहें हैं।
टाबर उत्सव में शनिवार को कला एवं सांस्कृतिक अधिकारी मूर्तिकला हृदय प्रकाश कौशल पानीपत पहुंचे और बच्चों को मूर्तिकला के गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि टाबर उत्सव 2023 के माध्यम से तीस दिन में हरियाणा प्रदेश के 22 जिलों में एक एक स्कूल में चलाई जा रही मूर्तिकला कार्यशाला में बच्चे रुचि लेकर कार्य कर रहे हैं। हृदय प्रकाश ने बताया कि अपने प्रदेश से विलुप्त होती मूर्ति कला को विकसित करने और युवा मूर्ति शिल्पकार को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करना ही इस कार्यशाला का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की पहल से बच्चों में कलात्मक एवं रचनात्मक भाव विकसित होगा। इसे लेकर ही कार्यशाला में क्ले, पीओपी और अन्य सहायक सामग्री से छात्र रचनात्मक कलाकृति बनाना सीख रहें है। पानीपत आगमन पर शिक्षा विभाग के जिला कॉर्डिनेटर एवं पीजीटी फाइन आर्ट प्रदीप मलिक ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। मलिक ने बताया कि शिक्षा विभाग हरियाणा के साथ कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा स्कूली बच्चों की प्रतिभा को निखारने में मिलकर प्रयास कर रहे हैं। बच्चों ने रिसोर्स पर्सन स्वाति नौटियाल के साथ सहायक मुस्कान सोनी के मार्गदर्शन में क्ले, पीओपी आदि से विभिन्न मनमोहक 2 डी और 3 डी कलाकृति बनाई।