पानीपत। बेसहारा गोवंश की टक्कर में एक और व्यक्ति ने अपनी जान गवां दी। शहर से सटे गांव सिवाह में शुक्रवार की रात पशुबाड़े से घर जा रहे पूर्व सैनिक को सांड़ सींगों पर उठाकर पटक दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। गांव में दो महीने पहले भी बेसहारा गोवंश की टक्कर से एक महिला की मौत होना सामने आया है। पिछले दो महीने की बात करें तो जिले में यह चौथी मौत है। इधर शनिवार को सेक्टर-25 में बेसहारा गोवंशों की टक्कर से एक नई गाड़ी का शीशा टूट गया। इन हादसों पर जिम्मेदार मौन साधे हुए हैं। निगम शहर को गोवंश मुक्त अभियान चला रहा है, लेकिन अभी तक शहरवासियों को इनसे निजात नहीं मिल पाई है।
गांव सिवाह निवासी आढ़ती भूपेंद्र ने बताया कि उनके पिता जयसिंह (67) सेना से सेवानिवृत थे। वह रोजाना की तरह शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अपने पशुबाड़े से घर लौट रहे थे। गली में सांड़ ने उनको सींगों पर उठाकर पटक दिया। कई टक्कर मारी और खुरों से कुचल दिया। हादसे की सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे और पिता को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। शनिवार को परिजन शव लेकर पानीपत अस्पताल पहुंचे, जहां से पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जयसिंह के दो बेटे और एक बेटी है। उसके छोटे बेटे शिक्षक नरेंद्र की दो साल पहले ह्दयगति रुकने से मौत हो गई थी।
बॉक्स
गांव में बेसहारा पशुओं का आतंक, नहीं हो रही सुनवाई
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बेसहारा गोवंशों की संख्या ज्यादा है। गोवंश की टक्कर से दो महीने पहले एक महिला की मौत हो चुकी है। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद है। गांव में गोशाला होने के बावजूद सड़कों पर गोवंश बेसहारा घूम रहे हैं। कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
बॉक्स
सेक्टर-25 में गोवंश ने नई गाड़ी का शीशा तोड़ा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो में दो गोवंश आपस में लड़ रहे थे, इसी बीच उन्होंने पास खड़ी एक कैरेंस गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसके बाद गाड़ी का शीशा टूट गया। वीडियो शनिवार की पानीपत के सेक्टर 25 की बताई जा रही है, साथ ही मैसेज भी वायरल हो रहा है कि हादसा स्थल से कुछ दूरी पर ही मेयर के पिता का घर भी है। शहर में करीब तीन हजार गोवंश हैं। निगम पिछले कई महीने से अभियान में नाममात्र के गोवंश गोशाला में छोड़ा गया है।
- अब तक हो चुके हादसे
-19 मई को असंध रोड शनि मंदिर के पास अपने बेटे के साथ सब्जी खरीद कर घर लौट रही महिला देवी कुमारी की सांड़ की टक्कर से मौत हो गई थी
-25 मई को ददलाना गांव में गोवंश की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी।
-सेक्टर-6 के पास चार अगस्त 2022 को पुरेवाल कॉलोनी निवासी उद्यमी मनप्रीत उर्फ जॉनी की सांड की टक्कर से मौत हो गई थी।
- गोपाल कॉलोनी में 15 अगस्त 2022 को गोवंश ने ऑटो को टक्कर मार दी थी, ऑटो पलटने पर नीचे दबने से चालक सुरेंद्र की मौत हो गई थी
- समालखा के झट्टीपुर गांव में दो सितंबर 2019 महिला रानी पत्नी जगदीश की दो गोवंशों की टक्कर से मौत हो गई थी।