माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सृजन पब्लिक स्कूल जाटल रोड में बच्चे को रस्सी से बांधकर उलटा लटकाने का मामला स्कूल प्रबंधन ने 45 दिन तक दबाए रखा। स्कूल प्रबंधन ने भी इस पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की। जब वीडियो वायरल हुआ तो खलबली मची। अभिभावक ही शिकायत लेकर पहुंचे।
अब बाल कल्याण समिति भी इस मामले की जांच करेगी। सोमवार को टीम को स्कूल भेजा जाएगा। स्कूल में गृह कार्य न करने पर शिक्षिका ने 13 अगस्त को बच्चे को डांटा था। हैरानी की बात यह है कि इसके बाद उसने स्कूल के वैन चालक से डांटने के लिए कहा। जिसके बाद वह बच्चे को अपने कमरे में ले गया और उसे उलटा लटकाया। इस पर किसी ने कुछ नहीं कहा। डर के कारण बच्चे ने भी अपने घर पर इसका जिक्र नहीं किया। शनिवार को बच्चे की मां के इंस्टाग्राम पर वीडियो आया तो इसका खुलासा हुआ। जिसके बाद वह सीधे स्कूल में पहुंचे। लेकिन प्रिंसिपल ने भी इसकी जानकारी होने से इन्कार कर दिया।
प्रिंसिपल का कहना है कि वह 15 अगस्त की तैयारी में जुटी थी। उनके सामने यह घटना नहीं हुई। उन्हें भी वीडियो वायरल होने के बाद ही इसके बारे में पता चला। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. मुुकेश आर्य ने कहा कि यह गंभीर मामला है। समिति की ओर से इसकी जांच की जाएगी। सोमवार को स्कूल में शिक्षक और स्कूल प्रबंधन से बात की जाएगी।
वही, थाना सेक्टर-29 के पसीना कलां गांव में 22 सितंबर को मदरसे में मौलवी द्वारा बच्चे को पीटा गया था। बच्चे के परिजनों का आरोप था कि रविवार को वह मदरसे में नहीं गया था। जिससे नाराज होकर मौलवी जीशान ने बच्चे को मदरसे में चार घंटे तक हाथ पैर बांधकर पीटा था। जिससे बच्चे की हालत बिगड़ गई थी और उसके इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अब दूसरा मामला निजी स्कूल का है। जहां पर बच्चे को होमवर्क न करने पर थप्पड़ मारे और इसके बाद उसे रस्सी से बांध उलटा लटका दिया।