मतलौडा (पानीपत)। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने मतलौडा में मुख्य सड़क पर अवैध रूप से चल रहा मेडिकल स्टोर पकड़ा है। चौधरी मेडिकल स्टोर के नाम से संचालित मेडिकल स्टोर के कागज नहीं थे। विभाग की टीम ने एनडीपीएस दवाओं की अवैध बिक्री करते पकड़े जाने पर जून में ही उनका औषधि लाइसेंस रद्द किया था। अब मेडिकल स्टोर में आयुर्वेदिक व एलोपैथिक के साथ पशुओं की भी दवा थी। औषधि नियंत्रक अधिकारी ने 43 तरह की दवा सील कर कोर्ट में केस दायर कर दिया है। वहीं छह प्रकार की दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के उप निरीक्षक सुभाष चंद्र, स्वास्थ्य विभाग के पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. अभय नंदन वत्स व डॉ. ललित कुंडू और औषधि नियंत्रण अधिकारी पवन कुमार की संयुक्त टीम बुधवार को मतलौडा पहुंची। टीम मुख्य सड़क बस अड्डा के नजदीक स्थित चौधरी मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं। स्टोर संचालक ने अपनी पहचान शेरा गांव के रोहताश के रूप में बताई। उनसे मेडिकल स्टोर का लाइसेंस मांगा। वे इसका लाइसेंस नहीं दिखा पाए।
जांच में पता चला कि मेडिकल स्टोर का चार जून को एनडीपीएस दवाओं की अवैध बिक्री के कारण लाइसेंस रद्द कर दिया गया था। वह लाइसेंस रद्द होने के बाद भी मेडिकल स्टोर चला रहा था। टीम ने मेडिकल स्टोर की जांच की तो यहां 16 पैकेट में 43 प्रकार की एलोपैथिक दवा मिली। वहीं छह प्रकार की दवाओं के नमूने लिए हैं। टीम ने सभी दवाओं को सील कर दिया। औषधि नियंत्रक अधिकारी पवन कुमार ने जब्त दवा और रिपोर्ट बनाकर कोर्ट में पेश की। अब इन पर कोर्ट में कार्रवाई की जाएगी। सीएम फ्लाइंग की टीम ने इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।