पानीपत। जिले के नौल्था गांव में अंबुजा सीमेंट का प्लांट लगाया जाएगा। ग्राइडिंग यूनिट परियोजना स्थापित करने को लेकर बुधवार को जन सुनवाई की गई। इसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखी। प्रशासन इनका रास्ता निकालते हुए समाधान का भरोसा दिया। ग्रामीणों की प्रदूषण फैलने की समस्या बड़ी रही। वहीं कंपनी ने रोजगार व विकास की तस्वीर ग्रामीणों के सामने रखी।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने ग्राइडिंग यूनिट परियोजना की स्थापना को लेकर ग्रामीणों के साथ मंच के माध्यम से जन सुनवाई की। इस परियोजना के संबंध में उनकी राय जानी। इसे पूर्व उपायुक्त ने कहा कि किसी बड़े प्लांट के गांव में लगने से गांव का विकास होगा। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे व गांव की तरक्की को चार चांद लगेंगे। इस मौके पर एसडीएम ज्योति मित्तल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यकारी अभियंता भूपेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अस्तित्व परासर, डीआईसी संयुक्त निदेशक क्षीतिज कपूर मौजूद रहे।
उपायुक्त ने ग्रामीणों की जन सुनवाई करते हुए कहा कि जो समस्याएं वर्तमान में वे इस प्लांट की स्थापना को लेकर देख रहे हैं व अपनी राय दे रहे है। उस पर गंभीरतापूर्वक कार्य किया जाएगा। प्लांट में आने वाला रॉ-मैटिरियल ट्रकों के माध्यम से न आएं। यह राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सुनिश्चित करना होगा। ग्रामीणों ने उपायुक्त के सामने प्रदूषण व तंग सड़कों का हवाला देते हुए अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखी। उपायुक्त के समक्ष चार ग्रामीणों ने प्लांट के संदर्भ में अपनी राय रखी। जिस पर उपायुक्त से कार्यवाही करने का अनुरोध किया। ग्रामीण रणधीर, रणवीर, दीपक ने जहां अपनी राय प्रशासन के सामने रखी, वहीं सरपंच ने इस संदर्भ में ग्रामीणों के साथ बैठक करके अपना विचार प्रशासन के समक्ष रखने की बात कही।
बॉक्स
80 प्रतिशत रोजगार ग्रामीणों को दिया जाएगा
अदानी सेंटर नॉर्थ के सीएमओ मुकेश ने बताया कि प्लांट में 80 प्रतिशत ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। जिसमें 15 से 20 प्रतिशत तकनीकी क्षेत्र में पढ़ाई करने वाले होंगे। प्लांट में चालकों को अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस परियोजना का क्षेत्र 9.28 हैक्टेयर है। इसमें पर्यावरण प्रबंधन योजना के लिए 55 करोड़ रुपये निर्धारित है। इसमें 400 केएलडी व इसमें 23 एमडब्ल्यू बिजली की आवश्यकता होगी।