गढ़ी बेसिक गांव में देर रात को यूपी के शामली जिला के तितरवाड़ा गांव एक व्यक्ति ने अपने साथी के साथ अपने साले पर घर में घुसकर दो फायर कर दिए। निशाना चूक जाने के चलते गोली नहीं लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर पूरे परिवार में दहशत फैल गई। साथ ही ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्रित हो गई जिसके बाद आरोपी हवा में पिस्तौल लहराते हुए मौके से भाग गए।
आरोपी ने हरियाणा में आकर 13 दिन में दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। वह इससे पहले पत्थरगढ़ में अपने साढू के घर पर फायर कर चुका है। सनौली थाना पुलिस अब तक आरोपी को नहीं पकड़ पाई है। आरोपी की पत्नी अपने मायके में रहती है।
थाना सनौली क्षेत्र के गढ़ी बेसिक गांव के नदीम ने बताया कि उनकी बहन का निकाह पांच साल पहले शामली के तितरवाडा निवासी जुनैद के साथ हुआ था। जुनैद उनकी बहन को परेशान करता था। जिस कारण दो साल से उनकी बहन मायके में रह रही है। जिस कारण जुनैद उनसे रंजिश रखता है। मंगलवार करीब साढ़े 11 बजे जुनैद अपने साथी के साथ बाइक से उनके घर पर आया। बाइक को गली में खड़ा कर पिस्तौल हाथ में लेकर सीधा उनकी बैठक में घुस गया और गोली चलानी शुरू कर दी।
उसने दो राउंड फायर किए। जिससे वह बाल-बाल बच गया। वारदात के समय उसके पास गांव के ही दो अन्य व्यक्ति भी बैठे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव में खलबली मच गई। ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित होते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उधर, सूचना मिलते ही थाना सनौली पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित नदीम की शिकायत पर आरोपी जुनैद, इंतजार और शारुक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।