इसराना। शाहपुर गांव में बुआना लाखु मोड़ के पास वीरवार देर रात एक गाड़ी में आए कुछ युवकों ने खुद को बजरंग दल के सदस्य बता एक पिकअप की तलाशी ली। आरोप है कि युवकों ने पिकअप चालक की जेब से सात हजार रुपये की नकदी व मोबाइल निकाल लिया। थाना इसराना की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पंजाब के फाजिलका जिला के अबाहेर निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह पिकअप गाड़ी चलाते हैं। वह वीरवार को अबोहर से समालखा के पट्टीकल्याणा जा रहे थे। रात करीब सवा दो बजे शाहपुर बुआना लाखु मोड़ की तरफ करीब एक सौ मीटर चला था। तभी कुछ लोगों ने एक गाड़ी में आकर ओवरटेक किया और अपनी गाड़ी को उसकी पिकअप के आगे अड़ा दी। गाड़ी से छह-सात युवक उतरे और उन्होंने खुद को बजरंग दल से बताया। वे पिकअप की तलाशी लेने लगे। उन्होंने आरोप लगाए कि युवकों ने उसकी जेब से सात हजार रुपये व मोबाइल निकाल लिया। थाना इसराना प्रभारी महिपाल ने बताया कि पुलिस ने चालक अनिल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद