धनतेरस पर सामान हटाने को लेकर हुआ था विवाद, परिजनों ने मारपीट में हत्या का लगाया था आरोप स्टंट डलवाए जाने की बात आई सामने
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। रेलवे रोड पर धनतेरस के दिन मारपीट में दुकानदार विदेश बंसल की मौत के मामले में नया तथ्य सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विदेश हार्ट के मरीज थे और कुछ दिन पहले ही उनके स्टंट डाले गए थे। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए थाना शहर पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
शिव नगर की इंडियन कॉलोनी निवासी नवीन कुमार जिंदल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके भाई विदेश कुमार की रेलवे रोड पर जयश्री ओम इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। धनतेरस के दिन विदेश अपने बेटे नैतिक के साथ दुकान पर गए थे।
आरोप है कि पड़ोसी देव इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक उमेश ने अपना सामान उनकी दुकान के सामने रख दिया था। विदेश ने सामान हटाने को कहा तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
शिकायत के अनुसार, उमेश ने विदेश की छाती पर मुक्का मारा और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों ने मारपीट में हत्या का आरोप लगाया था।
थाना शहर प्रभारी कटार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। विदेश की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- कटार सिंह, थाना प्रभारी, शहर।