पानीपत। विकास नगर निवासी बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी से रंगदारी मांगने, लूटपाट करने के मामले में अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर सेक्टर 29 पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का कहना है कि कारोबारी ने जिन आरोपियों पर मारपीट का आरोप लगाया था, वह तो पहले ही जान बचाकर भाग गए थे। इस मामले की जांच सीआईए-1 कर रही है।
सिवाह गांव निवासी विशाल उर्फ गैल्लो ने बताया कि सात मई 2023 को उसके पास दोस्त राहुल उर्फ चिंटू का फोन आया। उसने कहा था कि निशांत और बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी अमरजीत से राहुल रुपये लेने गया था। रास्ते में निशांत मिला। उसने निशांत से रुपये न देने का कारण पूछा। इसी बीच अमरजीत व उसके चार-पांच साथियों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। रिंकू, सागर, प्रीतम सरदार मौके से भाग गए। अक्षय व गोविंद ने उसे बचाने का प्रयास किया, अमरजीत व उसके साथियों ने उनकी भी जमकर पिटाई की। एसपी ने मामले की जांच सौंपी सीआईए-1 को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर 29 थाने की पुलिस ने अमरजीत और उसके साथियों पर मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में प्रथम पक्ष की शिकायत पर राहुल उर्फ चिंटू निवासी सिवाह, अक्षय व गोविंद निवासी विकास नगर और प्रीतम सरदार को गिरफ्तार कर चुकी है।
मारपीट मामले में दूसरे पक्ष की तरफ से शिकायत मिली है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- राकेश कुमार, प्रभारी सेक्टर 29 थाना