पानीपत। पानीपत से दवा लेकर आ रहे युवक का अपहरण कर कैराना में ले जाकर अमानवीय यातनाएं देने वाले छह आरोपियों पर कैराना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
काकौर निवासी साबिर ने बताया कि वह मजदूरी करता है। 27 नवंबर दोपहर 12 बजे उसका बेटा फैजान अपने चाचा की दवा लेने पानीपत गया था। उसके बेटे ने पानीपत से दवा खरीदने के बाद जूते और कपड़े भी खरीदे। दोपहर करीब दो बजे वह घर आने के लिए एक ऑटो में बैठ गया।
इस दौरान एक युवक बेटे के पास आया और अपनी गाड़ी में बैठा लिया। कार में कोई दूसरा नहीं था। वह सुनसान जगह ले गया। उसके बेटे फैजान को चाकू दिखाकर कहा कि घर फोन करके बैंक खाते में रुपये मंगा लो। उसके भाई ने रुपये डालने से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसके बेटे को कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया।
आरोपियों ने उससे मारपीट करते हुए मुंडन कर दिया और कहा कि यहीं रहकर डेयरी पर भैंसों की देखभाल करो। रात के समय उसका बेटा किसी तरह वहां से भाग कर आया था। फैजान इंसाफ पाने के लिए पहले उत्तर प्रदेश के जिला शामली के कैराना थाने में अपनी शिकायत लेकर गया था, लेकिन उसे वहां से यह कहकर भगा दिया था कि उसके मामले में हरियाणा पुलिस कार्रवाई करेगी, क्योंकि वारदात की शुरुआत हरियाणा में हुई है। जिसके बाद फैजान हरियाणा के विभिन्न थानाें में अपनी शिकायत लेकर गया, जहां उसे उत्तरप्रदेश पुलिस कार्रवाई करेगी यह सुनने को मिला था। अब आखिर में कैराना के कोतवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित फैजान