बाबरपुर मंडी पुल के पास बाइक सवार दंपती को एक कार चालक ने टक्कर मार दी। आरोपी कार चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। जबकि बाइक सवार दंपती घायल हो गए। जब दोनों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टर ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में हरिराम निवासी बाबरपुर मंडी ने बताया कि वह पत्नी मीना के साथ सोमवार को शाम चार बजे बाइक पर शिमला मौलाना से अपने घर जा रहा था। जब वह बाबरपुर पुल के पास पहुंचे तो करनाल की तरफ से तेज रफ्तार में एक गाड़ी आई, जिसने बाइक को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही वह जमीन पर जा गिरे। नीचे गिरते ही उसकी पत्नी के सिर में गंभीर चोटे लगी। जब वह पत्नी को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।