पानीपत । गांजबड़ गांव के पास कार ने टैंपो को पीछे से टक्कर मार दी। अनियंत्रित टैंपो ने ट्रक में पंक्चर लगा रहे चालक व मैकेनिक को टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौत हो गई। मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने टैंपो चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। कार चालक वहां से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टैंपो चालक को हिरासत में लिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर आरोपी टैंपो चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
काबड़ी रोड के हरिनगर निवासी अजय ने बताया कि उसका पिता राममेहर (52) उसके चाचा सोनू के ट्रक पर चार साल से ड्राइविंग कर रहा था। उसका पिता राममेहर सोमवार शाम साढ़े पांच बजे गाड़ी को कोहंड स्थित मिल में खाली कर पानीपत लौट रहा था। गांजबड़ गांव के पास उनके ट्रक में पंक्चर हो गया। उन्होंने पंक्चर लगाने के लिए मैकेनिक को बुलाया। मैकेनिक पंक्चर लगा रहा था। वह उसके साथ वहीं खड़ा था। इसी वक्त पीछे से एक टैंपो आया। टैंपो को कार ने पीछे से टक्कर मारी। टैंपो अनियंत्रित होकर उसके पिता की ओर आया और उसके पिता को कुचल दिया और मैकेनिक को टक्कर मारी। हादसे में उसके पिता राममेहर की मौके पर ही मौत हो गई। मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने टैंपो चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। उसकी पहचान अभिषेक के रूप में हुई है। घायल मैकेनिक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।