समालखा। शिमला गुजरान गांव से बाइक पर समालखा स्थित अपने स्कूल जा रहे दो छात्रों को करहंस गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान अनिरुद्ध कौशिक (17) की मौत हो गई। उनका साथी प्रिंस अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है।
शिमला गुजरान गांव के अमित ने बताया कि उनका बेटा अनिरुद्ध कौशिक और गांव का ही प्रिंस शनिवार को मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्कूल जाने के लिए समालखा की तरफ आ रहे थे। वे करहंस गांव के नजदीक पहुंचे तो सामने से पराली से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक कार चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। गंभीर हालत में अनिरुद्ध को पार्क अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्रिंस को एक अन्य अस्पताल में दाखिल कराया है। समालखा थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।