समालखा। पानीपत-दिल्ली नहर बाईपास पर शनिवार दोपहर बाद एक आई-20 कार चालक नींद की झपकी आने पर दिल्ली यमुना लिंक नहर में गिर गया। वह ग्वालड़ा गांव के निकट हनुमान मंदिर में दर्शन करने जा रहा था।
दमकलकर्मियों ने राहगीरों के साथ मिलकर काफी मशक्कत के बाद चालक और कार को बाहर निकाला।
हादसा शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे का है। मिली जानकारी के अनुसार पानीपत की वधावाराम कॉलोनी का पालेराम अपनी आई-20 कार में पानीपत-दिल्ली नहर बाईपास के रास्ते ग्वालड़ा गांव के पास हनुमान मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। वह नारायणा व नामुंडा गांव के पास पहुंचा तो उसको नींद की झपकी आ गई। जिससे कार नहर में जा गिरी।
राहगीरों ने देखकर दमकल विभाग को इसकी सूचना दी और खुद भी नहर कूद गए। इसकी सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला। कार चालक पालेराम ने सबका आभार जताया।