स्काईलार्क के सामने मर्सिडीज सवार रइसजादों ने बाइक सवार होमगार्ड एवं उसकी पत्नी और ऑटो चालक को टक्कर मार दी। होमगार्ड पत्नी समेत सड़क पर जा गिरा और ऑटो पलटने के कारण चालक नीचे दब गया। इतना ही नहीं तीनों रइसजादे मर्सिडीज से उतरे और दबंगई दिखाते हुए होमगार्ड के साथ मारपीट की। लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे जीटी रोड पर करीब एक मिलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोगों ने ऑटो चालक को बाहर निकाला और घायल होमगार्ड एवं उसकी पत्नी को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। ट्रैफिक पुलिस और तहसील कैंप चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जीटी रोड पर लगे जाम को खुलवाया।
निसिंग में होमगार्ड के पद पर कार्यरत बलवान निवासी गांव चौसड़ा ने बताया कि शुक्रवार को पत्नी सुमन के साथ बाइक पर कुटानी रोड स्थित ससुराल जा रहे थे। स्काईलार्क के सामने एक काले रंग की मर्सिडीज ने टक्कर मार दी। वह सड़क पर जा गिरे। इसके साथ ही ऑटो में भी टक्कर मारी और ऑटो पलटने से चालक राकेश निवासी धूप सिंह नगर नीचे दब गया। रइसजादों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने के बजाए होमगार्ड के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। इस मामले में तहसील कैंप चौकी इंचार्ज हरिनारायण का कहना है कि हादसे की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे। अभी तक उन्हें किसी भी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।