समालखा। समालखा-बिहौली रोड पर हिमगिरी स्कूल के पास आगे चल रहे एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से तेज रफ्तार कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इससे कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन सहित भाग गया। समालखा थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शहरमालपुर गांव के जयदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कार से अपने गांव जा रहा था। उसके आगे एक ट्रक तेज गति से चल रहा था। हिमगिरी स्कूल के पास ट्रक चालक ने अचानक बीच सड़क पर ब्रेक लगा दिए। इससे उसकी कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी। इस हादसे में उसको गंभीर चोट आई है।
जयदीप ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक कुछ दूरी पर रुका और नीचे उतरकर स्थिति का जायजा लेने के बाद मौके से ट्रक लेकर भाग गया। उसने ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। आसपास के लोग उसे समालखा के सामान्य अस्पताल लेकर आए। यहां से चिकित्सक ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। समालखा थाना पुलिस के प्रभारी महिपाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद