पानीपत। जिला स्तरीय समाधान शिविर में लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। एक व्यक्ति ने इक्को गलत चालान करने का आरोप लगाया, वहीं एक महिला ने खुद को कैंसर ग्रस्त बताया और बिजली बिल भरने में असमर्थता जताई। इस तरह समाधान शिविर में 59 शिकायत पहुंची। संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय समाधान शिविर शुक्रवार को जिला सचिवालय में आयोजित किया गया। अध्यक्षता जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र पाल मलिक ने की। उन्होंने कहा कि लोग विश्वास के साथ जनता समाधान शिविर में पहुंचते हैं। ऐसे में अधिकारी उनकी समस्याओं का प्रमुखता के साथ समाधान करें। अधिकारी शिविर के साथ कार्यालय में भी इसको सुचारु रखें। कार्यालयों में अगर कोई व्यक्ति अपनी समस्या का समाधान कराने को लेकर आता है तो उसका समाधान किया जाएं।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि शासन व प्रशासन दोनों की इच्छा जनता की समस्याओं के समाधान की है। हमें खुशी से लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग से संबंधित मिली समस्याओं को गंभीरता से सुना व तत्काल कार्रवाई करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर सीटीएम टीनू पोसवाल, डीटीओ हजारा सिंह, सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा, कृषि विभाग के डीडीए डॉ. आत्मा राम गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, एलडीएम राजकुमार व पंचायत राज विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप मौजूद रहे।
महेंद्र कथूरिया ने बताया कि उसकी इक्को गाड़ी का चालान गलत किया है। उन्होंने इसमें प्रशासन से सहयोग की मांग की। पिंकी वासी राजा खेड़ी गांव ने बताया वह तीन साल से कैंसर की बीमारी से पीड़ित है। वह अपना इलाज कराने में असमर्थ है। कही से कोई भी सहायता प्राप्त नहीं हो पाई है। वह ऐसे में बिजली का बिल भरने में असमर्थ है। उन्होंने बिजली का बिल माफ कहाने की मांग की। सीईओ ने बिजली निगम के एसई को मामला सौंपा। यशपाल ने जिला सचिवालय के पीछे बीड़ी सिगरेट बेचने वालों के कब्जा करने की शिकायत दी। उन्होंने यहां गांजा व अन्य नशीले पदार्थ तक की बिक्री होती है। प्रशासन को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। किशनलाल वासी डाबर कॉलोनी ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। सभी औपचारिकता पूरी कर विधुर पेंशन का लाभ देने के निर्देश दिए।