मतलौडा। गृह सचिव रामनिवास ने बुधवार को अनाज मंडी में दौरे के बीच आढ़तियों की शिकायत पर लिफ्टिंग ठेकेदार का ठेका निरस्त कर दिया था। इस पर अनाज मंडी में लगभग 12 बजे बैठक हुई। दसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने की। बैठक में आढ़तियों ने कई बार मुख्य मुद्दा छोड़कर आपसी भड़ास निकालने का प्रयास किया। इस पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह बैठक सरकार की ओर से हैं। इसमें आपसी विवाद न रखें।
उन्होंने कहा कि मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग बड़ी समस्या है। इसको सुलझाना जरूरी है। यदि आढ़ती और दूसरा पक्ष सहमत होगा तो मामला निपट सकता है। इसके बाद दोनो पक्षों में सीधी बात हुई। इसमें कैबिनेट मंत्री ने दोनों के पक्षों को सुनकर मामले को सुलझाते हुए कहा कि ओवर लोडिंग नहीं होगी। किराया 20 से 25 और 19 से 21 रुपये निर्धारित किया गया। कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार के फैसलेे को दोनों पक्षों ने स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही मतभेद समाप्त हो गए। बैठक में मंडी एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण देशवाल, विजय छाबड़ा, सतपाल, शुगन चंद, पूर्व प्रधान बलवान शेरा, एसोसिएसन सचिव बिजेंद्र टामक, मुकेश, पवन कुमार, रघुनाथ, सुनील कुमार, रमेश कुमार, साधुराम लोहारी व सुबे सिंह मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने बैठक के बाद मंडी खरीद का दौरा किया और वेयर हाउस, हैफेड से अब तक की खरीद और लिफ्टिंग की जानकारी ली।