समालखा। पुराने बस अड्डा पर टेंपो चालकों ने एक सहकारी समिति बस मालिक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। टेंपो चालकों ने बस मालिक और उसके कर्मचारियों पर उनके साथ मारपीट करने और पानीपत से समालखा की ओर टेंपो नहीं चलवाने और निर्धारित समय पर बस न चलाने का आरोप लगाया है।
बुधवार को टेंपो चालक चौकी प्रभारी से मिले और घटना के बारे में अवगत कराया। जिस पर चौकी प्रभारी ने कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
टेंपो चालक सुमेर, मेहर सिंह, रिंकू, गुलाब, कृष्ण, प्रवीण, जय भगवान, संदीप, सुशील और बलवान ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ साल से एक सहकारी समिति की बस बाबरपुर से पानीपत होते हुए समालखा तक चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जबकि मालिक बस को पानीपत से समालखा और समालखा से पानीपत बस चलवा रहा है।
इससे सवारियां बैठाने को लेकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस मालिक की ओर से टेंपो को उक्त रूट पर चलने नही दे रहा। इससे टेंपो चालकों के लिए रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस मालिक ने कई बार चालकों के साथ मारपीट कर चुका है। इसको लेकर वे कुछ दिन पहले एसडीएम से मिले थे जिस पर एसडीएम ने बस मालिक को निर्धारित समय पर बस चलाने को कहा था। लेकिन इसके बावजूद भी बस मालिक अपनी आदताें से बाज नहीं आ रहा।
उन्हाेंने आरोप लगाया कि बुधवार को बस मालिक ने बस को स्टैंड पर खड़ी कर दिया। इस पर टैंपू चालकों ने एतराज जताया तो मालिक और उसके कर्मचारियाें ने दो चालकाें के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी है।
बस मालिक रविंद्र ने टेंपो चालकों की ओर से लगाए सभी आरोपाें को निराधार बताया। उन्होंने बताया कि किसी टेंपो चालक के साथ कोई मारपीट नहीं की गई। उन्हाेंने बताया कि बाबरपुर से समालखा तक उसने परमिट लिया है। चौकी प्रभारी अनिल हुड्डा का कहना है कि मामले की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।