यमुनानगर। सुबह के समय घर से दूध लेने के लिए निकले बुजुर्ग व्यक्ति को सांड ने पटक पटक कर मौत के घाट उतार दिया। जब लोग दुकानों पर पहुंचे तो बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और परिजनों को भी इसकी सूचना दी।
हादसा गांधी नगर थानाक्षेत्र की प्रह्लादपुरी काॅलोनी में हुआ। सुबह के समय अमन पैलेस के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो मृतक की पहचान 65 वर्षीय कुलदीप सिंह निवासी शिवपुरी काॅलोनी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी इसकी सूचना दी। बताया जा रहा है कि कुलदीप सिंह सुबह करीब आठ बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह अमन पैलेस के पास पहुंचे तो वहां पर कूड़े में एक सांड घूम रहा था। जैसे ही कुलदीप वहां पर शौच के लिए रुके तो सांड ने हमला कर दिया। सांड की टक्कर से कुलदीप सिंह की मौत हो गई। एसएचओ थाना गांधी नगर महरुफ ने बताया कि सांड की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।