समालखा। समालखा के पाइट कॉलेज में छात्र गुटों के बीच झगड़ा हो गया। चार युवकों न मिलकर बीटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इससे छात्र घायल हो गया। किसी तरह से कॉलेज के स्टाफ ने उसे बचाया। पुलिस ने घायल छात्र की शिकायत पर चार हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सोनीपत के सेक्टर-12 के लक्ष्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पाइट कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र हैं। वह मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अपनी क्लास में जा रहा था। उसी समय कॉलेज के अन्य छात्र दक्ष हुड्डा, उज्जवल शर्मा, शिवम शर्मा, यशबीर छौक्कर व उनके अन्य साथियों ने मिलकर उसका रास्ता रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। शिवम शर्मा ने उस पर चाकू से वार किए, जबकि बाकी छात्रों ने लात घूसों से उसकी पिटाई की। जिससे वह घायल हो गया और उसके माथे, हाथ, पीठ व हथेली पर चोट लगने से घायल हो गए। जब उसने शोर मचाया तो कॉलेज के अन्य छात्रों व स्टाफ ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। घायल छात्र ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि आज तो बच गया, आगे मिले तो जान से मार देंगे। लक्ष्य ने पुरानी रंजिश के तहत हमला करने के आरोप लगाए हें। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घायल छात्र को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे पानीपत भेज दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद