माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। खाद्य आपूर्ति विभाग का इंस्पेक्टर बनकर लोगों के बीपीएल कार्ड बनाने के नाम पर ठगी के दो मामले सामने आ चुके हैं। इसकी शिकायत रविवार को ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी भाई-बहन ने भी दी थी। अब शिव नगर निवासी युवक ने भी इन्हीं पर बीपीएल कार्ड बनवाने के नाम पर 4800 रुपये ठगने की शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी जीजा-साला को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान राजू निवासी अर्जुन नगर कच्चा काबड़ी फाटक व इसका साला राजेश निवासी जाटल रोड के रूप में हुई है। सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में दलीप सिंह ने बताया कि हंज कॉलोनी, फतेहाबाद का रहने वाला है। हाल में वह पानीपत में शिव नगर में किराए पर रहता है। 29 मार्च की सुबह करीब 11 बजे सुमेर कला विद्या मंदिर गली नंबर दो में राजू निवासी अर्जुन नगर कच्चा काबड़ी फाटक व इसका साला राजेश निवासी दोनों जाटल रोड से मिले।
दोनों ने खुद को खाद्य आपूर्ति विभाग का इंस्पेक्टर बताया था। इन्होंने कहा कि बीपीएल कार्ड बनवा देंगे। उन्होंने उससे कार्ड बनवाने के नाम पर 4800 रुपये ले लिए। ये राशि उसने जीटी रोड स्थित एसबीआई एटीएम से निकाल कर दी थी। इसके बाद दोनों ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाया और कहा कि फार्म सचिवायल से दिलवा कर कार्ड बनवा देगा। दोनों उसे गीता कॉलोनी के पास छोड़कर फरार हो गए थे।