संजय चौक के नजदीक चल रहा निर्माण कार्य। संवाद
पानीपत। शहर में ग्रैप-4 की पाबंदियों के लागू नहीं होने पर एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को एक्यूआई 320 पर पहुंच गया। यह इस महीने में चौथी बार 300 पार पहुंचा है। इससे पहले सर्दी के मौसम में एक्यूआई खतरनाक स्तर पर पहुंचने से लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत आने लगी। नगर निगम और दूसरे विभाग धरातल पर काम करने की बजाय जिम्मेदारी से टल रहे हैं।
औद्योगिक नगरी में निर्माण कार्य और विध्वंस के साथ फैक्टरी लगातार चल रही हैं। ग्रैप-4 की पाबंदी ठीक से लागू नहीं की जा पा रही हैं। ऐसे में एक्यूआई बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह एक्यूआई 320 पर पहुंच गया। सायं तीन बजे 318 और सायं पाच बजे 310 पर रहा।
सांस और आंखों के मरीज बढ़े
एक्यूआई बढ़ने पर लोगों को सांस लेने में दिक्कत आने लगी। इसके साथ आंखों में जलन होने लगी। जिला नागरिक अस्पताल और निजी अस्पतालों में इसके केस बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत 70 वर्ष व इससे अधिक आयु के लोगों को है। चिकित्सक ऐसे लोगों को इनहेलर लेने की सलाह दे रहे हैं।
निगम ने दूसरे दिन भी नहीं की कार्रवाई
किला मैदान के नीचे आर्य कन्या स्कूल के पास चार दुकानों पर निर्माण कार्य चल रहा है। एक जागरूक व्यक्ति ने नगर निगम अधिकारियों को वीरवार को शिकायत दी थी। अधिकारियों ने इसमें कार्रवाई का दावा किया था लेकिन शाम तक चारों दिनों का लेंटर लगा दिया गया। निगम अधिकारियों ने इसके बाद शुक्रवार को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को एटीपी के अवकाश पर जाने की बात कहकर मामले को टाल दिया। अब सोमवार को ही कार्रवाई की जा सकेगी।
किला मैदान के नजदीक निर्माण कार्य की जांच एटीपी के अवकाश के चलते नहीं की जा सकी। इसकी कार्यदिवस पर जांच कराई जाएगी। बाकी जगहों पर निर्माण कार्य की जांच कर जुर्माना लगाया जा रहा है।
निगम लगाएगा शहर में डस्टबिन
-निगम ने डस्टबिन के लिए 56 लाख रुपये का टेंडर लगाया
-प्लास्टिक के डस्टबिन शहर में लगाए जाएंगे
-इनका जल्द ही कंपनी को दिया जाएगा वर्क ऑर्डर