इसराना। ब्राह्मण महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रोहित गौतम ने बताया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर ब्राह्मण महासंघ छह जुलाई को पानीपत के एसडी विद्या मंदिर में सम्मान समारोह का आयोजन करेगा। समारोह में जिलेभर से 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के साथ प्रतिभावान छात्रों, युवाओं, समाज के लिए विशेष योगदान करने वाले लोगों का सम्मान किया जाएगा।
रोहित गौतम बुधवार को वेडिकेशन रिसोर्ट इसराना में समारोह के आयोजन को लेकर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समारोह में मुख्यातिथि पूर्व आईपीएस रविकांत शर्मा होंगे व अध्यक्षता पूर्व आईएएस राजीव शर्मा करेंगे। समारोह का शुभारंभ पूर्व जिला सेशन जज केसी शर्मा करेंगे। समारोह में सत्तर वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों के अलावा प्रतिभावान युवाओं, छात्रों के साथ समाज में विशेष योगदान करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। आज युवाओं में संस्कार देने की जरूरत है। बुजुर्गों का सम्मान किया जाएं। इसी मकसद को लेकर समारोह का आयोजन किया जा रहा है। महासंघ समाज में फैल रही बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का काम कर रहा है। समाज को एकजुट करने के लिए काम किया जा रहा है। इस मौके पर सतीश वत्स, वीरेंद्र शर्मा, सुधीर शर्मा, मास्टर बलराम, सतीश शर्मा, त्रिलोक शर्मा, डॉ अंकित शर्मा व संजय शास्त्री मौजूद रहे।