पानीपत के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजा खेड़ी के टीचरों ने कक्षाआें और स्कूल का बहिष्कार कर दिया है और कार्यकारी प्रिंसिपल के समर्थन में खड़े हो गए। टीचरों के बहिष्कार से स्कूल के करीब 1200 विद्यार्थियों को सिलेबस की चिंता सताने लगी है।
कार्यकारी प्रिंसिपल और टीचरों ने गांव के ही एक युवक पर कार्यकारी प्रिंसिपल के साथ हाथापाई करने और धमकी देने का आरोप लगाया। कार्यकारी प्रिंसिपल ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और पुलिस अधिकारियों को दी।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यकारी प्रिंसिपल के साथ हाथापाई और धमकी देने की घटना बुधवार को हुई। कार्यकारी प्रिंसिपल सतीश कुमार ने बताया कि वे बुधवार सुबह विद्यार्थियों की मांग पर अतिरिक्त क्लास ले रहे थे।
विद्यार्थियों ने उनसे 22 दिसंबर को होने वाली टैलेंट सर्च परीक्षा की तैयारी कराने की मांग की। आरोप है कि सुबह करीब पौने नौ बजे 12-13 विद्यार्थी एक्सट्रा कक्षा में बैठे थे। इसी समय गांव को एक युवक आया और नोट्स और सिलेबस को बिखेर दिया। उसने उसको नजरअंदाज कर दिया। इसके कुछ देर बाद उक्त युवक फिर आया और
बदसलूकी को दोहराया और उसको कक्षा से बाहर आने को कहा। वह प्रिंसिपल कार्यालय में चला गया।
आरोप है कि वहां पर उक्त युवक ने उसका गला पकड़ लिया और हाथापाई की। उसने उसके साथ बदसलूकी की और जाति सूचक शब्द भी कहे। स्कूल सेवादार और चौकीदार समेत एक टीचर ने बीच बचाव किया। युवक ने खुद को फंसा देख दूसरे साथियों को आवाज दी। इसके बाद अन्य लोग पहुंच गए और उसको ले गए। उसने इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को दी।
प्रिंसिपल सतीश कुमार ने बताया कि उसके पास इससे पहले दो युवक और आए थे। वे दोनों एक फार्म को सत्यापित कराने की बात कह रहे थे। उन्होंने स्कूल लगने के बाद सत्यापित करने की कही। इस पर युवक पहले उनके साइन कराने की जिद पर अड़ गए। वे दोनों किन्हीं अन्य युवकों के फार्म सत्यापित करा रहे थे। उनको वापस कर दिया था।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजा खेड़ी के कार्यकारी प्रिंसिपल सतीश कुमार स्कूल स्टाफ और ग्राम पंचायत के कई सदस्यों के साथ वीरवार को एसपी कार्यालय पहुंचे।
यहां पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी। प्रिंसिपल और स्टाफ ने बताया कि स्कूल में अध्यापकों को पढ़ाना मुश्किल है। ऐसे व्यक्ति किसी भी दिन स्कूल में आ जाते हैं और स्टाफ के साथ बदसलूकी करते हैं।
वे स्कूल के आसपास पुलिस गश्त और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हैं। अध्यापकों ने चेतावनी दी कि वे उसकी गिरफ्तारी होने तक स्कूल नहीं जाएंगे। इस मौके पर भीम सिंह, गुलशन, रणजीत, मीनाक्षी, रेखा, पंच रमेश कुमार और कृष्ण लाल मौजूद रहे।
स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल और गांव के युवाओं के बीच तनाव का कारण स्कूल का मैदान और विद्यार्थियों के खेल संसाधन माने जा रहे हैं। गांव के युवक यहां पर शाम के समय खेलने को आते हैं और वे कई बार स्कूल में पहुंचे संसाधनों को जुटाने की मांग कर चुके हैं। प्रिंसिपल की भी बातों से ऐसी ही बात सामने आई है।
राजा खेड़ी स्थित राजकीय स्कूल के कार्यकारी प्रिंसिपल की शिकायत मिली है। उन्होंने गांव के एक युवक पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। प्रिंसिपल और स्टाफ युवक पर मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेज दिया है।
शीला बल्हारा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत