पानीपत। जिले के गांव महाराना के लाडले प्रवीन नांदल ने वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में देश को एक गोल्ड के साथ मेडल देकर जिले व प्रदेश नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। यूएसए में मकिस्टर एंड मिसेज एटलस बॉडी बिल्डिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप दो से चार दिसंबर को आयोजित की गई। गांव के साधारण किसान परिवार के लाडले के स्वागत को हर ग्रामीण व जिलावासी स्वागत को लालायित है।
प्रवीन नांदल के कोच सुनील बिंझौल ने अपने कच्चा कैंप स्थित कार्यालय में रविवार को खुशी में लड्डू बांटे और प्रवीन के पूरे परिवार को बधाई दी। सुनील बिंझौल ने बताया कि प्रवीण नांदल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रवीन ने बॉडी बिल्डिंग क्लासिक में प्रथम व ओपन बॉडी बिल्डिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। चैंपियनशिप में देश के छह बॉडी बिल्डरों ने भाग लिया और उनमें प्रवीन नांदल सहित तीन बॉडी बिल्डरों ने मेडल प्राप्त किए हैं। प्रवीन नांदल की इस कामयाबी पर पानीपत में खुशी की लहर हैं। उन्होंने प्रवीन नांदल को अमेरिका भेजने में आर्थिक रूप से मदद करने वाले शहर के उद्यमियों व सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एक बार तो प्रवीन नांदल के अमेरिका जाने पर ही संकट के बादल छा चुके थे।
चूंकि दो से ढाई लाख का फंड प्रवीन नांदल के पास नहीं था। शहर के उद्यमियों व सहयोगियों ने उनकी मदद की उनको अमेरिका भेजा। प्रवीन नांदल अमेरिका में उन सबके सहयोग से दो मेडल जीतने में सफल रहे। प्रवीन नांदल ने जिले व देशवासियों को गोल्ड मेडल जीतने का वायदा पूरा किया है। इस अवसर पर प्रवीन नांदल के भाई प्रताप नांदल, राजेश शर्मा, पुनित पूनम व गुरविंद्र मौजूद रहे।