फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोर्ड परीक्षाएं : केंद्र अधीक्षकों को वितरित की परीक्षा सामग्री, नकल रहित परीक्षा करवाने की दिलाई शपथ

विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर मंगलवार को जीटी रोड स्थित एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा से संबंधित सामग्री वितरित की। 27 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिले में 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों कक्षाओं के करीब 33187 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के किसी अन्य कार्यक्रम में व्यवस्तता के कारण बस्ते वितरण की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी मनीष गुप्ता को सौंपी गई थी। बीईओ मनीष गुप्ता ने सभी केंद्र अधीक्षकों को नकल रहित परीक्षा संपन्न करवाने की शपथ दिलवाई।
विज्ञापन


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होकर दो अप्रैल को संपन्न होंगी। जबकि 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 28 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेंगी। दोनों कक्षाओं का परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक रहेगा। जिले में बनाए गए 75 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में पेपर संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक कमरे में 24 विद्यार्थियों को बैठाया जाएगा। जिन पर एक-एक कर्मचारी की निगरानी रहेगी। इस दौरान मडलौडा शिक्षा अधिकारी मनीष गुप्ता समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारी व जिला शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बॉक्स



75 केंद्रों पर 33187 विद्यार्थी देंगे परीक्षा

इस बार जिले के 75 केंद्रों पर कुल 33187 विद्यार्थी दसवीं व 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं। इनमें सरकारी स्कूल की 10वीं व 12वीं में कुल 13490 विद्यार्थी हैं। निजी स्कूलों की 10वीं व 12वीं में विद्यार्थियों की कुल संख्या 19697 है। निजी स्कूलों में 11266 विद्यार्थी दसवीं और 8431 विद्यार्थी 12वीं में पढ़ रहे हैं। जिले के सरकारी विद्यालयों की 10वीं से 7427 और 12वीं से 6063 विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा देंगे।
विज्ञापन

बीईओ मनीष गुप्ता ने केंद्र अधीक्षकों को अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बिना पक्षपात के नियमों की पालना करें और दूसरों से भी करवाएं। किसी भी तरह का दबाव न मानें। कोई परेशानी है तो तुरंत अधिकारियों से संपर्क करें। बाहरी हस्ताक्षेप रोकने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई हैं। ग्राम पंचायतों का भी सहयोग लिया जाएगा।

बॉक्स



व्यवस्था में किया बदलाव
बोर्ड की तरफ से इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों के स्पेशल उड़नदस्ते न बनाकर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो आब्जर्वर नियुक्त किए गए है। इनमें एक राजकीय स्कूल का प्राचार्य या फिर पीजीटी होगा और दूसरा प्राइवेट स्कूल का होगा।

बॉक्स



प्रवेश पत्र का क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद मिलेगा प्रवेश
बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र पर क्यूआर कोड दिया गया है। पर्यवेक्षक मोबाइल से पहले कोड सत्यापित करेंगे, उसके बाद ही विद्यार्थी अपने सीटिंग प्लान के अनुसार बैठ सकेंगे। स्केनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पर्यवेक्षकों को अपना मोबाइल केंद्र अधीक्षक के पास जमा कराना होगा।




इन नियमों का करना होगा पालन

-परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षकों को परीक्षा समय से 30 मिनट पहले स्केनिंग का कार्य करना होगा पूरा।

-प्रवेश पत्र के क्यूआर कोर्ड सत्यापित करने के बाद पर्यवेक्षकों को केंद्र अधीक्षक के पास जमा करवाने होंगे अपने मोबाइल।

-जिस दिन जिस विषय की परीक्षा होगी, उस विषय विशेषज्ञ को पर्यवेक्षक के कार्यभार से रखना होगा मुक्त।

-प्रश्नपत्रों के सील बंद पैकेट पर हस्ताक्षर कर उनका फोटो प्रतिदिन बोर्ड कार्यालय के व्हाट्सअप नंबर पर भेजने होंगे।

-परीक्षा शुरू होने से 20 मिनट पहले ही खोलने होंगे प्रश्नपत्र पैकेट।






बिना आईडी कार्ड के विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में नहीं मिलेगा प्रवेश

शिक्षा विभाग ने नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। इस बार आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग की ओर से सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तरह पहचान-पत्र दिए गए हैं। इस बार विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में स्कूल का आईडी कार्ड गले में डालकर आना होगा। बिना आईडी कार्ड के विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जांच के बाद उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें