पानीपत। राजकीय अंध विद्यालय में 12वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्राथमिक जांच में छात्र की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। छात्र मूल रूप से रोहतक के गांव अटैल का रहने वाला था। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने हार्ट को जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजा है।
पुलिस के अनुसार प्रदेश के एक मात्र राजकीय अंध विद्यालय में रविवार रात को रोहतक अटैल निवासी देवव्रत (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देवव्रत राजकीय अंध विद्यालय में पहली कक्षा से पढ़ रहा है। वह अब 12वीं कक्षा का छात्र था। देवव्रत रविवार रात करीब सवा नौ बजे खाना खाकर होस्टल के अपने कमरे में सोने चला गया। उसके दोस्त गौरव और विकास ने सोमवार सुबह प्रिंसिपल मनीष जैन को बताया कि देवव्रत को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। प्रिंसिपल ने चौकीदार रवि के साथ देवव्रत को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल में भेज दिया। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही देवव्रत की मौत हो गई। सूचना पर थाना मॉडल टाउन पुलिस पहुंची और शव को शवगृह में रखवा कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के आने र पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
देवव्रत रविवार को खाना खाकर होस्टल के अपने कमरे में सोने चला गया था। वह शाम तक ठीक था। देवव्रत की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। हमने तुरंत एंबुलेंस से उसे अस्पताल में भेज दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मनीष जैन, प्रिंसिपल, राजकीय अंध विद्यालय, पानीपत।
पुलिस को अंध विद्यालय के छात्र देवव्रत की मौत की सूचना मिली है। देवव्रत के परिजनों के बयानों के आधार पर पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया है। छात्र की मौत हार्ट अटैक से मानी जा रही है। पुलिस ने हार्ट को जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है।
अमित कुमार, प्रभारी, थाना मॉडल टाउन पानीपत।